विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बोकारो में अवैध कोयला खनन स्थल पर केबीपी कर्मियों पर जानलेवा हमला, दो गंभीर घायल

Published: Mon, 02 Feb 2026 12:58 PM (IST)

बोकारो जिले के रहाबन ओपी क्षेत्र में अवैध कोयला खनन स्थल पर एमडीओ केबीपी के कर्मियों पर जानलेवा हमला हुआ। ...और पढ़ें

स्कॉर्पियों पर हुआ हमला। (जागरण)

स्कॉर्पियों पर हुआ हमला। (जागरण)

HighLights

  1. अवैध कोयला खनन स्थल पर केबीपी कर्मियों पर हमला।

  2. चालक धीरज कुमार और अधिकारी रवि राव गंभीर घायल।

  3. हमलावरों ने वाहन क्षतिग्रस्त किया, पैसे भी छीने।

संवाद सूत्र, वेस्ट बोकारो (रामगढ़)। बोकारो जिला अंतर्गत रहाबन ओपी क्षेत्र में रविवार को केबीपी परियोजना क्षेत्र के अवैध कोयला खनन स्थल पर एमडीओ केबीपी से जुड़े कर्मियों पर 15–20 की संख्या में अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया।

घटना में वाहन चालक धीरज कुमार तथा अधिकारी रवि रामाचन्द्रा राव गंभीर रूप से घायल हो गए। ओपी में दिए आवेदन के अनुसार रविवार को करीब 10.30 बजे पूर्वाह्न एमडीओ केबीपी माईन्स से संबंधित रवि रामाचन्द्रा राव, राजगोपाल एवं सीसीएल के सुरक्षा पदाधिकारी लालचन्द महतो स्कॉर्पियो वाहन (जेएच01 एफटी 9459) से पचमों पंचायत अंतर्गत ग्राम बघरैया स्थित केबीपी खनन पट्टा क्षेत्र, जो रहाबन ओपी क्षेत्र में आता है, पहुंचे थे।

वहां अवैध कोयला खनन मुहाने के पास कई लोग अवैध कोयला निकासी में लगे हुए थे। कंपनी की गाड़ी देखते ही कोयला तस्करी में शामिल लोग उग्र हो गए और लाठी, डंडा, पत्थर व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

हमलावरों ने चालक धीरज कुमार को गाड़ी से खींचकर नीचे पटक दिया और बेरहमी से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि उनके पास से दो हजार रुपये भी छीन लिए गए।

हमलावरों ने एमडीओ केबीपी के अधिकारी रवि रामाचन्द्रा राव पर भी कुल्हाड़ी व डंडे से हमला किया, जिससे उनका सिर फट गया और दाहिना हाथ टूट गया। साथ ही स्कॉर्पियो वाहन पर पत्थरबाजी कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

किसी तरह जान बचाकर सभी लोग वहां से निकले और कंपनी अधिकारियों को सूचना दी। घायलों को टाटा मुख्य अस्पताल, घाटो वेस्ट बोकारो में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए रवि रामाचन्द्रा राव को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।

इस मामले में वाहन चालक द्वारा रहाबन ओपी में लिखित आवेदन देकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।