रामगढ़: बरकाकाना रेलवे स्टेशन के विकास को मिलेगी रफ्तार,नई पैसेंजर ट्रेन चलाने की दिशा में शुरू होगी पहल
सांसद मनीष जायसवाल ने बरकाकाना में प्रस्तावित मल्टी फंक्शनल कॉम्प्लेक्स और कोच डिपो स्थल का निरीक्षण किया। रेल अधिकारियों के ...और पढ़ें

रेलवे भूमि का निरीक्षण करते सांसद, रेल अधिकारी व अन्य। जागरण
HighLights
सांसद ने बरकाकाना में कोच डिपो स्थल का निरीक्षण किया।
क्षेत्र में नई रेल सुविधाओं और रोजगार की उम्मीदें बढ़ीं।
संवाद सूत्र, बरकाकाना (रामगढ़)। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने गुरुवार को रेल अधिकारियों के साथ बरकाकाना में प्रस्तावित मल्टी फंक्शनल काम्प्लेक्स और कोच डिपो के स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान सीनियर डीसीएम धनबाद मनीष सौरव, सीनियर डीईएन-3 सोनू कुमार, डिप्टी सीपीएम (जीएस) मनीष कुमार, डीटीएम राजहंस कुमार सिंह, एडीईएन राजेश कुमार, एईई ओपी राजकुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सांसद ने प्रस्तावित कोच डिपो और मल्टी फंक्शनल कॉम्प्लेक्स के लिए चिन्हित रेलवे भूमि का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि बरकाकाना रेलवे की दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सकती है। रेल अधिकारियों ने सांसद को प्रस्तावित परियोजनाओं से संबंधित तकनीकी और प्रशासनिक जानकारी दी। इसके बाद कंट्रोल सभागार में रेलवे की विकास योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
इसमें रेलवे परिसर के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्र में रोजगार और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। सांसद ने अधिकारियों से परियोजनाओं से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने और बरकाकाना की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समन्वित तरीके से कार्य करने पर जोर दिया।
शक्तिपुंज के ठहराव को लेकर सांसद ने रखी बात
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि शक्तिपुंज एक्सप्रेस से जुड़ी परिचालन व्यवस्था के कारण ड्राइवर ट्रेन को बरकाकाना में करीब 45 मिनट रुकना पड़ता है। इसी वजह से ट्रेन को डायवर्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि बरकाकाना से नई ट्रेन की मांग करनी है तो नई ट्रेन की मांग की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बरकाकाना में कोच डिपो बहुत जल्द बनेगा और कोच डिपो बनने के बाद यहां से नई पैसेंजर ट्रेन चलाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
इससे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है। सांसद ने कहा कि बरकाकाना क्षेत्र में रेलवे से जुड़ी विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। स्थल निरीक्षण और अधिकारियों के साथ हुई चर्चा के बाद स्थानीय लोगों में भी प्रस्तावित कोच डिपो और मल्टी फंक्शनल काम्प्लेक्स को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।
अब लोगों की नजर इन परियोजनाओं की स्वीकृति और निर्माण के अगले चरण पर है। मौके पर सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, वरीय नेता रंजीत पांडेय, नूतन महतो, पीके गांगुली, अमरजीत तिर्की, एएन प्रजापति आदि उपस्थित थे।
