चुटूपालू घाटी में सेना की मशीनरी वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक जवान की मौत, दो गंभीर
जागरण संवाददाता रामगढ़ रांची-पटना फोरलेन मार्ग के चुटूपालू घाटी में गुरुवार की सुबह हो गई।
जागरण संवाददाता, रामगढ़ : रांची-पटना फोरलेन मार्ग के चुटूपालू घाटी में गुरुवार की सुबह ओडिशा से चाइना बॉर्डर जा रहे सेना के मशीनरी वाहनों के काफिले में से एक वाहन का ब्रेकफेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर घाटी में आगे-आगे चल रहे एक पाइप लदे ट्रेलर (एनएल01डी-9112) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। इसमें आर्मी के हवलदार चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर पहुंची रामगढ़ पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे दो जवानों को मौके पर हीं निकालकर एंबुलेंस से मिलिट्री अस्पताल भेजा, जबकि वाहन में बुरी तरह से दबे मृतक हवलदार को करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन से बाहर निकाला गया। सेना की आधुनिक उपकरणों व मशीनरीयुक्त भारी चार वाहन 28-एयर डिफेंस रेजिमेंट, गोपालपुर(ओडिशा) से लद्दाख चीन बॉर्डर जा रहा था। इसमें सबसे आगे चल रही भारी मशीनरी वाहन(16आरओ105721) का ब्रेकफेल हो गया। मृतक चालक रेजिमेंट के 38 वर्षीय हवलदार टी अलागु राजन, निवासी दौरदसागीपुरम, चिनामबुर तेनी(तमिलनाडु) का रहने वाला था। वहीं घायलों में नायक सूबेदार सुभाष रेड्डी व नायक सुबेदार कृष्णा रेड्डी शामिल हैं। दुर्घटना के बाद सेना के अन्य वाहनों पर सवार जवानों के बीच अफरा-तफरी मच गई थी। पहले तो सेना के जवानों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे जवानों को निकालने के लिए काफी प्रयास किए। लेकिन घटना इतना दर्दनाक था कि बिना क्रेन या हाइड्रा के निकालना संभव नहीं था। घायल दोनों जवानों को कुछ देर के बाद निकालकर अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना पाकर रांची से मिलिट्री पुलिस के कमान अधिकारी सहित कई अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली। मृतक हवलदार के शव को सबसे पहले रामगढ़ छावनी स्थित मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया, जहां सेना की आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शाम को रामगढ़ सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।