कार-बाइक की टक्कर में पति-पत्नी की मौत, पुत्री गंभीर
चैनपुर शाहपुर-बुढ़ीवीर गढ़वा मार्ग में ईटको पहाड़ी के समीप मंगलवार को हुई मोटरसाइकिल व कार की भीषण टक्कर में पति पत्नी की मौत हो गई।
संवाद सूत्र, चैनपुर, पलामू : पलामू जिला अंतर्गत चैनपुर प्रखंड के शाहपुर-बुढ़ीवीर गढ़वा मार्ग में ईटको पहाड़ी के समीप मंगलवार को मोटरसाइकिल व कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। इसमें पति-पत्नी की मौत हो गई। साथ ही पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार चैनपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी 37 वर्षीय मधेश्वर चौधरी व अपनी 34 वर्षीया पत्नी फूलमती देवी व 12 वर्षीया पुत्री आरती कुमारी के साथ ससुराल बहेरा गांव घर लौट रहे थे। इसी क्रम में बुढीवीर गांव में ईटको पहाड़ी के समीप विपरीत दिशा से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इसमें फूलमती देवी की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। पति व पिता पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। रास्ते से गुजर रहे वन संरक्षक कुमार मनीष अरविद की मदद से घायल पिता-पुत्री को तत्काल पलामू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। इलाज के क्रम में मधेश्वर चौधरी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। आरती कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे रांची रेफर कर दिया गया है। क्षतिग्रस्त वाहन को चैनपुर थाना पुलिस ने जब्त कर थाना ले आई है। इधर, पति-पत्नी की मौत से कल्याणपुर गांव में मातम छा गया है।