झारखंड: पलामू में उग्रवादियों ने फूंका हाइवा, 30 राउंड फायरिंग से इलाके में दहशत Palamu News
सड़क निर्माण कार्य में लगे हाईवा को टीपीसी उग्रवादी संगठन ने जला दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है।
रांची, जेएनएन। पलामू जिला अंतर्गत लेस्लीगंज से लहलहे तक सड़क निर्माण कार्य में लगे हाईवा को टीपीसी उग्रवादी संगठन ने गुरुवार की रात्रि फूंक दिया। घटना लेस्लीगंज के पथरीही गांव में हुई है। यहां सड़क निर्माण कंपनी सिलदिलिया कंस्ट्रक्शन का अस्थाई कार्यालय मनोरंजन दुबे के मकान में बनाया गया था। रात में एक हाईवा जेएच 03एच 7795 खड़ी थी। कंपनी के कई कर्मी वहां रुके थे।
जानकारी के अनुसार टीपीसी उग्रवादी संगठन के लोगों ने पहले कंस्ट्रक्शन के कर्मी को बंधक बनाकर उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद हाईवा में आग लगा दी। जाते समय 25 से 30 चक्र गोलियां चलाई व एक पर्चा भी छोड़ा। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची औऱ बंद किए गए कर्मियों को बाहर निकाला। साथ ही घटनास्थल से पुलिस ने कई गोली के खोखे एवं पर्चा बरामद किया है। पर्चा में काम बंद करने व संगठन से मिलने की बात लिखी गई है। पर्चा ने घटना की जिम्मेवारी टीपीसी संगठन के संजीत ने ली है।