Lok Sabha Polls 2019: पाइप लाइन पड़ी है बेकार, घरों में नहीं आ रहा पानी
Lok Sabha Polls 2019. नावाबाजार प्रखंड मुख्यालय में जल संकट दिन-प्रतिदिन गहराती जा रही है। पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैै।
नावा बाजार, [बबलू गुप्ता]। नावाबाजार प्रखंड मुख्यालय में जल संकट की समस्या दिन-प्रतिदिन गहराती जा रही है। मुख्यालय में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मालूम हो कि मुख्यालय अंतर्गत पीएचडी विभाग ने वर्ष 2011 में जल टावर लगाकर डेढ़ किलोमीटर ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर पाइप लाइन पानी सप्लाई किया था।
लेकिन वर्ष 2016 से यह पाइप लाइन बेकार पड़ी हुई है। इससे घरों में पानी मिलना बंद हो गया है। लोगों को जल से जूझना पड़ रहा है। विभाग व संबंधित जनप्रतिनिधियों कभी भी इस समस्या की सुध नहीं ली। आज की चुनावी सरगर्मी में प्रत्याशी लोगों को लुभाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। चुनावी मुद्दे के साथ चुनावी वादे पर भी लोगों से रूबरू हो रहे हैं। गांव की इस समस्या की पड़तालदैनिक जागरण ने की।
नावाबाजार प्रखंड मुख्यालय में पाइप लाइन से सभी घरों पानी पहुंचाया जाता था। अब पाइप लाइन खराब होने के कारण पानी की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। किसी क्षेत्र में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। गरीब, मध्यमवर्गीय लोग पीने का पानी लाने के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान जाते हैं। इस समस्या पर विभाग तो दूर, जनप्रतिनिधि भी इसका ख्याल नहीं रख रहे हैं। -सफिर आलम, समाजसेवी, नावाबाजार, पलामू।
पानी की समस्या उत्पन्न होने से लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। यह क्षेत्र ड्राइ जोन होने के कारण हर क्षेत्र में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। इस कारण लोग पीने का पानी दूसरी जगह से गैलन या जार में लाते हैँ। चापाकल पर काफी भीड़ होती है। इस कारण पानी के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। -अनामिका देवी, नावाबाजार, पलामू।
जल टावर लगाया गया था तब घरों तक पानी आसानी से मिल जाता था। यह टावर खराब हो गया है। इसलिए पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थानीय लोगों ने कई बार पीएचडी विभाग के कार्यपालक अभियंता से बात की है। लेकिन विभाग द्वारा बताया गया है कि हमारे यहां इसके मरम्मत का कोई प्रावधान नहीं है। -शेख सादिर अहमद, समाजसेवी, नावाबाजार, पलामू।