भाजपा सरकार में 3.5 करोड़ युवाओं की चली गई नौकरी : शरद
छतरपुर छतरपुर के उच्च विद्यालय के मैदान में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजद नेता पूर्व सांसद शरद यादव ने कहा कि बीजेपी की सरकार में देश के साढ़े तीन करोड़ युवायों को नौकरी चली गई ।
संवाद सूत्र, छतरपुर : पलामू जिला के छतरपुर के उच्च विद्यालय के मैदान में मंगलवार को राजद की चुनावी सभा हुई। इसमें राजद नेता पूर्व सांसद शरद यादव ने कहा कि बीजेपी की सरकार में देश के 3.5 करोड़ युवाओं की नौकरी चली गई । कई लघु उद्योग बंद होने की कगार पर हैं। देश में नौकरी, रोजगार व भरपेट भोजन देने की बात करने वाली सरकार इनके पेट पर लात मार रही है। इतनी बुरी हालत 70 साल में कभी नहीं हुई। कहा कि मंदिर-मस्जिद की बात से ऊपर उठ कर अब गांव में रहने वालों को समूचित पानी ,बिजली, सिचाई , रोजगार पर बात होनी चाहिए। गठबंधन से राजद प्रत्याशी यहां चुनाव मैदान में हैं। इन्हें जनता समर्थन दे।
कहा कि राज्य में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बनेगी। बिहार सरकार के प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने गठबंधन से राजद प्रत्याशी जीतेंगे तो विकास होगा। कहा कि देश में आज भजपा के साथ हाथ मिलाने वाला भ्रष्टाचारी राजा हरिशचंद्र कहलाएगा। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के इस अवसर पर हम सभी को आज संविधान बचाने का संकल्प लेना होगा। कहा कि गरीबों के हक के लिए सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाले लालू प्रसाद यादव जेल में बंद हैं। बावजूद वे वहीं से इस लड़ाई को लड़ रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि झारखंड में भाजपा 19 साल में 16 साल राज किया। इस कारण झारखंड को अलग राज्य बनाने का लाभ यहां की जनता को नहीं मिला। कहा कि राज्य के विकास को भाजपा सरकार ने पीछे धकेल दिया है। इस बार झूठा वादा करने वालों को जनता सबक सिखाएगी।
मौके पर बिहार राजद के प्रधान सचिव आलोक मेहता, बिहार के पूर्व सासंद भीम सिंह यादव, बिहार के सुरेश पासवान, पलामू के पूर्व सांसद घूरन राम, प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह, जिलाध्यक्ष प्रमोद यादव, राहिल राज, हाजी मुमताज खान, बसंत चंद्रवंशी, बिहार महिला अध्यक्ष कैसर हुसैन वारसी समेत कई गठबंधन के लोग उपस्थित थे। मंच संचालन छतरपुर प्रखंड अध्यक्ष संतोष यादव ने किया।