विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलामू समेत 6 जिलों में राशन आपूर्ति ठप, गोदाम बंद होने से दुकानदार परेशान

Published: Sun, 18 Oct 2026 01:53 PM (IST)

पलामू समेत झारखंड के 6 जिलों में अक्टूबर 2026 के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत खाद्यान्न की डोर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. पलामू समेत 6 जिलों में राशन आपूर्ति बाधित।

  2. अक्टूबर 2026 खाद्यान्न की डोर स्टेप डिलीवरी में देरी।

  3. गोदाम बंद, माफियाओं की मिलीभगत से अनाज गायब।

संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत माह अक्टूबर 2026 के लिए आवंटित खाद्यान्न की डोर स्टेप डिलीवरी में सरकार की सख्ती के बाद भी लापरवाही बरती गई है। सिर्फ पलामू जिले की बात की जाए तो 15 अक्टूबर के निर्धारित तिथि के तीन दिनों के अवधि विस्तार के बाद भी पीडीएस दुकानदारों तक अनाज की आपूर्ति नहीं हो सकी है। 

बता दें कि इस संबंध में लापरवाही उजागर होने के बाद खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई थी। 

डोर स्टेप डिलीवरी 15 अक्टूबर तक पूर्ण कराने का निर्देश

विभाग के उप सचिव राम कृष्ण कुमार ने 15 अक्टूबर को जारी पत्र में पलामू सहित चतरा, देवघर, गिरिडीह, गोड्डा व पूर्वी सिंहभूम के जिला आपूर्ति पदाधिकारी-सह-जिला प्रबंधक को विशेष परिस्थिति में डोर स्टेप डिलीवरी की अवधि 18 अक्टूबर बढ़ाने का निर्देश दिया था। 

C-353-1-RCH1794-447764

पत्र के अनुसार, विभाग ने पहले 30 सितंबर व 1 अक्टूबर के पत्र के माध्यम से डोर स्टेप डिलीवरी 15 अक्टूबर तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया था। साथ ही यह भी कहा गया था कि यदि निर्धारित अवधि तक कार्य पूरा नहीं हो तो कारण सहित पत्र उपलब्ध कराया जाए। 

विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध सूचना के आधार पर विभाग ने कहा है कि यदि अधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठापूर्वक करते व विभागीय निर्देशों का अनुपालन करते हुए लगातार अनुश्रवण किया जाता तो अवधि विस्तार की आवश्यकता नहीं होती। परंतु ऐसा नहीं किया गया, जो कार्य में लापरवाही, उदासीनता व स्वेच्छारिता को प्रदर्शित करता है। विभाग ने इसे अत्यंत खेदजनक बताया है।

डीएसओ ने दिया कार्रवाई का भरोसा

जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों एक प्रतिनिधमंडल ने शनिवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी को पत्र देकर जल्द बैरिया गोदाम से खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की है। डीएसओ को सौपे पत्र में कहा गया है कि बैरिया गोदाम से मेदिनीनगर सदर प्रखंड के सुआ, कौरिया, सरजा, पोलपोल, लहलहे व अन्य पंचायत के दुकानदारों को एनएफएसए का अनाज नहीं मिला है। 

गोदाम लगातार बंद बताया जा रहा है व प्रबंधक से संपर्क नहीं हो पा रहा है। साथ ही ग्रीन कार्ड योजना के तहत शहरी और प्रखंड क्षेत्र के दुकानदारों को भी अनाज नहीं मिला है।

दुकानदारों ने आरोप लगाया है कि गोदाम प्रबंधक व माफियाओं की मिलीभगत से हजारों क्विंटल खाद्यान्न गायब किया गया है, जिसका खामियाजा दुकानदार भुगत रहे हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को शीघ्र खाद्यान की आपूर्ति सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है।