विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलामू से औरंगाबाद तक एक्टिव था बाइक चोर गिरोह, जपला में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी; 3 गाड़ियां जब्त

Published: Tue, 13 Oct 2026 03:12 PM (IST)

पलामू पुलिस ने जपला में अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी ...और पढ़ें

जपला में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी

जपला में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी

HighLights

  1. अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्य जपला से गिरफ्तार।

  2. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर तीन चोरी की बाइकें बरामद कीं।

  3. यह गिरोह झारखंड और बिहार में तीन साल से सक्रिय था।

संवाद सूत्र, जपला (पलामू)। हुसैनाबाद में बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बराही धाम के मुख्य गेट पर एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की तीन बाइक बरामद की गई हैं। 

गिरफ्तार आरोपित बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के अनुसार, गिरोह पिछले तीन वर्षों से झारखंड और बिहार के विभिन्न इलाकों में बाइक चोरी कर सस्ते दामों पर बेचता था।

जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ा

पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर एसडीपीओ हुसैनाबाद दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में 12 अक्टूबर की रात 10 बजे से विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। रात करीब 11:30 बजे दंगवार की ओर से एक बाइक सवार जपला की तरफ आ रहा था। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से काले रंग की स्प्लेंडर बाइक (बीआर 24 एस 5610) मिली। बाइक के कागजात नहीं दिखाने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। उसने अपना नाम रिशु कुमार (19) बताया और स्वीकार किया कि बाइक 30 सितंबर को जपला से चोरी की थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दंगवार स्कूल मैदान से दो अन्य चोरी की बाइक भी बरामद कीं।

हुसैनाबाद से औरंगाबाद तक फैला था नेटवर्क

एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में रिशु कुमार (19), अभिषेक कुमार (19) और आयुष कुमार (18) शामिल हैं। तीनों बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह हुसैनाबाद, अंबा, टंडवा, नवीनगर, कुटुंबा और औरंगाबाद समेत कई इलाकों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी की बाइक सस्ते दाम पर बेच दी जाती थी।

पुलिस ने आरोपितों के पास से एक बिना नंबर की हीरो बाइक, दो स्प्लेंडर बाइक और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस गिरोह की गतिविधियों और चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- पलामू में खाद डीलरशिप और पॉलीहाउस के नाम पर ₹77 लाख की ठगी, 18 लोगों को चूना लगाकर कंपनी फरार