पलामू में 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव; मायकेवालों ने जताई हत्या की आशंका
मेदिनीनगर के रेड़मा चौक पर एक 28 वर्षीय महिला खुशबू कुमारी का शव संदिग्ध हालत में फंदे से लटका मिला। ...और पढ़ें

28 वर्षीय महिला का शव फंदे से मिला। जागरण
HighLights
मेदिनीनगर में 28 वर्षीय महिला का शव फंदे से मिला।
परिजनों ने दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा चौक के समीप बुधवार की सुबह एक घर में 28 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थिति में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतका की पहचान रेड़मा निवासी सूरज कुमार की पत्नी खुशबू कुमारी के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने महिला का शव फंदे से लटका देख इसकी सूचना शहर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतारा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। स्वजनों ने आरोप लगाया कि खुशबू कुमारी को दहेज को लेकर पति और ससुराल पक्ष के लोग लगातार प्रताड़ित करते थे।
स्वजनों ने आशंका जतायी है कि दहेज की मांग को लेकर खुशबू के साथ मारपीट करने के बाद उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। हालांकि, पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद पुलिस ने मृतका के स्वजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
