विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलामू के लाल ने श्रीनगर में ढेर किया A-श्रेणी का आतंकी, पुलिस मेडल फॉर गैलेंट्री से होंगे सम्मानित

Published: Sun, 16 Aug 2026 06:19 PM (IST)

सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी राजीव तिवारी को 80वें स्वतंत्रता दिवस-2026 पर पुलिस मेडल फॉर गैलेंट्री से सम्मानित किया जाएगा। ...और पढ़ें

राजीव तिवारी की फाइल फोटो। जागरण

राजीव तिवारी की फाइल फोटो। जागरण

HighLights

  1. राजीव तिवारी को पुलिस मेडल फॉर गैलेंट्री से सम्मानित किया जाएगा।

  2. श्रीनगर में आतंकवादी को मार गिराने के लिए मिला यह सम्मान।

संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। 80वें स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर पलामू के लाल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के द्वितीय कमान अधिकारी राजीव तिवारी को उनकी अदम्य वीरता के लिए प्रतिष्ठित पुलिस मेडल फॉर गैलेंट्री (PMG) से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।

मूल रूप से चैनपुर थाना क्षेत्र के नेनुवा गांव निवासी सत्यनारायण तिवारी के पुत्र राजीव तिवारी सीआरपीएफ में कार्यरत हैं। उन्हें यह सम्मान 2 नवंबर 2024 को श्रीनगर में चलाए गए एक साहसिक आतंकवाद विरोधी अभियान के लिए दिया जा रहा है। श्रीनगर के अति संवेदनशील क्षेत्र में छिपे ए श्रेणी के आतंकवादी ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक निरीक्षक की हत्या समेत कई वारदातों को अंजाम दिया था।

चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में राजीव तिवारी ने घाटी त्वरित कार्रवाई दल, श्रीनगर का नेतृत्व करते हुए सुनियोजित अभियान चलाया और आतंकवादी को मार गिराया। उनके नेतृत्व में हुए इस अभियान से क्षेत्र में बड़ी अप्रिय घटना को टाला जा सका। वर्ष 2004 बैच के सीधे नियुक्त राजपत्रित अधिकारी राजीव तिवारी पिछले 21 वर्षों से देश की सेवा कर रहे हैं।

इस दौरान उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों और अति-संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वीरता एवं उत्कृष्ट सेवा के लिए उन्हें सीआरपीएफ महानिदेशक की ओर से 10 बार महानिदेशक पदक से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2021-22 में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन, दक्षिण सूडान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके लिए उन्हें संयुक्त राष्ट्र पुलिस आयुक्त द्वारा संयुक्त राष्ट्र शांति पदक-2022 से सम्मानित किया गया। राजीव तिवारी को प्रतिष्ठित वीरता पदक मिलने की घोषणा से उनके पैतृक गांव नेनुवा सहित पूरे पलामू जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।