नारियल पानी के डाब के बीच छिपा रखा था 443 किलो गांजा, पलामू में दो तस्कर गिरफ्तार
पलामू पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 443 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस दौरान ...और पढ़ें

443 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार। जागरण
HighLights
पलामू पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत की बड़ी कार्रवाई।
443 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार किए गए।
संवाद सूत्र, नौडीहा बाजार (पलामू)। ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 443 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से गांजा के अलावा एक आइसर ट्रक, एक टेंपो और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने शनिवार को नौडीहा बाजार थाना में पत्रकारों को बताया कि 28 अगस्त को पुलिस को थाना क्षेत्र के महुरांव गांव में गांजा की तस्करी और भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसडीपीओ छतरपुर प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने महुरांव चौक के समीप महुरांव निवासी जमशेद आलम (25) और अली रजा (19) को आइसर ट्रक (ओडी 14एबी 1072) और टेंपो (बीआर 26 पीबी 2661) से गांजा उतारते हुए पकड़ लिया। एसपी ने बताया कि ट्रक में नारियल पानी (डाब) के बीच गांजा छिपाकर रखा गया था।
तलाशी के दौरान 16 प्लास्टिक के बोरों में 424 छोटे-छोटे पैकेट में लगभग 443 किलो गांजा बरामद किया गया। डीडी किट से जांच में मादक पदार्थ होने की पुष्टि के बाद गांजा, दोनों वाहनों और अन्य सामान को जब्त कर लिया गया।
पलामू से औरंगाबाद व ओडिशा तक फैला है नेटवर्क
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में गांजा की खरीद-बिक्री और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। प्रारंभिक जांच में यह नेटवर्क पलामू के अलावा बिहार के औरंगाबाद और ओडिशा तक फैले होने की जानकारी सामने आई है। नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
छापामारी दल में एसडीपीओ प्रशांत कुमार, छतरपुर अंचल के पुलिस निरीक्षक द्वारिका राम, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार सहित थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।
