नेशनल हाईवे पर नियम तोड़ा तो घर पहुंचेगा चालान, पलामू में ANPR कैमरे से होगी गाड़ियों की निगरानी
पलामू में नेशनल हाईवे पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब एएनपीआर कैमरों से नजर रखी जाएगी, जिससे ऑनलाइन चालान घर पहुंचेगा।
-1789814779803-1789814821506_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
नेशनल हाईवे पर एएनपीआर कैमरों से निगरानी होगी।
यातायात नियम तोड़ने पर घर पहुंचेगा ऑनलाइन चालान।
सड़क दुर्घटनाएं रोकने को पुलिस की नई पहल।
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर, (पलामू)। नेशनल हाईवे पर अब यातायात नियम तोड़कर बच निकलना आसान नहीं होगा। ओवरस्पीड, ट्रिपल राइडिंग समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर एएनपीआर (ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रीडर) कैमरों की नजर रहेगी। नियम तोड़ने वाले वाहनों का ऑनलाइन चालान काटने की तैयारी है।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पलामू पुलिस ने इसका प्रस्ताव तैयार कर जिला प्रशासन के माध्यम से आगे भेजा है। पहले चरण में नेशनल हाईवे पर एएनपीआर कैमरों का नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
इसके बाद स्टेट हाईवे तथा शहर के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट को भी निगरानी व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। कैमरों को परिवहन विभाग के सिस्टम से कनेक्ट किया जाएगा। इसके बाद कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट पढ़कर नियम उल्लंघन की जानकारी रियल टाइम में सिस्टम तक पहुंचाएंगे। इससे ऑटोमेटिक फाइन की व्यवस्था लागू की जा सकेगी।
230 से ज्यादा हादसे, 172 लोगों की मौत
पलामू में सड़क सुरक्षा की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने निगरानी व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने की पहल की है। जनवरी 2026 से अब तक जिले में 230 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
इन हादसों में 172 लोगों की जान गई है। दुर्घटनाओं में करीब 70 प्रतिशत मौतें नेशनल और स्टेट हाईवे पर हुई हैं। ऐसे में हाईवे पर वाहनों की गति और यातायात नियमों की निगरानी को प्राथमिकता दी जा रही है।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भी उठा था कैमरों का मुद्दा
बीते दिनों सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटना संभावित स्थानों पर एएनपीआर कैमरे लगाने का सुझाव दिया गया था। नए नेशनल हाईवे पर पड़वा से चियांकी के बीच कई स्थानों पर कैमरे लगाए भी जा चुके हैं। अब इन्हें परिवहन विभाग के सिस्टम से जोड़ने की तैयारी है।
1690 लाइसेंस रद , 1466 मामले हेलमेट से जुड़े
पलामू में फिलहाल यातायात नियम तोड़ने वालों का चालान मुख्य रूप से ऑफलाइन काटा जाता है। वर्ष 2026 में अब तक 1690 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस रद किए गए हैं।
इनमें 1466 मामले हेलमेट नहीं पहनने से जुड़े हैं। आंकड़ों से स्पष्ट है कि यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई जारी है। अब पुलिस तकनीक आधारित निगरानी के जरिए इसे और प्रभावी बनाने की तैयारी में है।
ट्रैफिक थाना खोलने की भी तैयारी
सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पलामू में ट्रैफिक थाना खोलने का भी प्रस्ताव है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद जिले में ट्रैफिक थाना शुरू किया जाएगा। पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
कैमरों को परिवहन विभाग के कार्यालय से जोड़ने के बाद नियम तोड़ने वाले वाहनों पर ऑटोमेटिक फाइन की व्यवस्था हो जाएगी। -कपिल चौधरी, एसपी, पलामू
