अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आधा दर्जन घायल
संवाद सूत्र छतरपुर (पलामू) छतरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को अलग-अलग हुई सड़क दुर्घटना
संवाद सूत्र, छतरपुर (पलामू): छतरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को अलग-अलग हुई सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें एक का नाम व पता नहीं चल सका है। जानकारी के अनुसार छतरपुर अनुमंडल मुख्यालय के सराईडीह रोड के मंदेया में एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसमें 30 वर्षीय विमल ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद छतरपुर अस्पताल से इन्हें मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरी घटना जपला रोड में हुई। यहां बिहार के औरंगाबाद निवासी 30 वर्षीय सन्नी कुमार की मोटरसाइकिल सड़क पर खड़ी एक मोटरसाइकिल से टकरा गई। इसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार वे नशे में थे। इधर उन्हें अस्पताल भेजने के बजाए लोग बीडीओ को बुलाते रहे। बाद में स्थानीय राजेंद्र यादव ने उक्त घायल को अस्पताल पहुंचाया। इधर छतरपुर प्रखंड के रुदवा गांव के निकट एक आटो पलट गया। इस दुर्घटना में छतरपुर प्रखंड के सलैया गांव निवासी 25 वर्षीय उपेंद्र सिंह, रूदवा गांव निवासी 28 वर्षीय धर्मेंद्र पासवान ,पिडराही गांव निवासी राहुल सिंह व नावाबाजार प्रखंड की तुकबेरा गांव निवासी सोनी कुमारी शामिल है। एक अन्य युवक भी सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। इसका नाम पता नहीं चल सका है। उसे गंभीरावस्था मेदिनीनगर स्थित मेडिकल कालेज अस्पताल भेज दिया गया है।