पहले मारी गोली, भागने लगा तो दोबारा किया फायर; पलामू में युवक की हत्या
हुसैनाबाद के पुरंदर बीघा में ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों और ग्रामीणों ...और पढ़ें

हुसैनाबाद में ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की हत्या।
HighLights
हुसैनाबाद में ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की हत्या।
बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर वारदात को अंजाम दिया।
संवाद सूत्र, हुसैनाबाद (पलामू)। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पुरंदर बीघा में बुधवार देर रात बदमाशों ने ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया। हालांकि, बाद में जाम हटा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश सिंह अपनी गाड़ी रोककर किसी से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और उन पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद ओमप्रकाश गाड़ी से उतरकर भागने लगे, तभी अपराधियों ने दोबारा गोली मार दी।
गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को स्थानीय लोगों और परिजनों ने हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी
हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है। पुलिस को घटना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे। जिस स्थान पर वारदात हुई, वहां से हुसैनाबाद विधायक का आवास भी नजदीक बताया जा रहा है।
ओमप्रकाश पर आठ मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, कचरा गांव निवासी ओमप्रकाश सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। हुसैनाबाद थाना में उनके खिलाफ वर्ष 2018 से 2024 के बीच कुल आठ मामले दर्ज हैं।
इनमें तीन मामले आर्म्स एक्ट से संबंधित हैं। पुलिस के मुताबिक, उनके खिलाफ हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 202/2018, 226/2018, 298/2018, 173/2019, 241/2020, 31/2021, 50/2024 और 65/2024 दर्ज हैं। इनमें मारपीट, रंगदारी, चोरी, अवैध हथियार रखने, उत्पाद अधिनियम तथा अन्य धाराओं के तहत मामले शामिल हैं।
