हैदरनगर रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, इंटरसिटी एक्सप्रेस से कटकर युवक के दोनों पैर कटे
पलामू के हैदरनगर रेलवे स्टेशन पर वाराणसी-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 28 वर्षीय कृष्णा राम के दोनों ...और पढ़ें

हैदर नगर रेलवे स्टेशन। (फाइल फोटो)
HighLights
हैदरनगर स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस से युवक घायल।
कृष्णा राम के दोनों पैर ट्रेन से कटे।
गंभीर हालत में मेदिनीनगर अस्पताल रेफर।
संवाद सूत्र, जपला (पलामू)। सोननगर -गढ़वा रोड रेल खंड के हैदरनगर रेलवे स्टेशन के समीप पुराना थाना के सामने शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। वाराणसी-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से हैदरनगर के भाई बिगहा निवासी रामरेखा राम के 28 वर्षीय पुत्र कृष्णा राम के दोनों पैर कट गए और उसका शरीर ट्रेन में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मनान दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायल युवक के शरीर को ट्रेन से बाहर निकलवाया। इस दौरान इंटरसिटी एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे, जिनका रो-रो कर बुरा हाल था। पुलिस ने तत्काल घायल को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया है।
चिकित्सकों के अनुसार कृष्णा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। दोनों पैर कटने से शरीर से अत्यधिक खून बह गया है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल मेदिनीनगर रेफर कर दिया है। बताया जाता है कि कृष्णा राम पेशे से ट्रैक्टर ड्राइवर है।
