विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलामू दुष्कर्म-हत्याकांड: एक साल बाद भी नहीं सुलझा मामला, अब पुलिस आरोपियों का कराएगी लाई डिटेक्टर टेस्ट

Published: Fri, 18 Sep 2026 11:31 PM (IST)

चैनपुर में 10 वर्षीय बच्ची के दुष्कर्म और हत्या मामले में पुलिस अब आरोपितों का लाई डिटेक्टर टेस्ट कराएगी। करीब ...और पढ़ें

पलामू एसपी कपिल चौधरी।

पलामू एसपी कपिल चौधरी।

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। चैनपुर थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में अब पुलिस आरोपितों का लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने की तैयारी में है। घटना के करीब एक साल बाद भी हत्याकांड का खुलासा नहीं होने पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया है।

एफएसएल रांची ने लाई डिटेक्टर टेस्ट के लिए अक्टूबर के पहले सप्ताह में समय दिया है।नौ नवंबर 2025 को चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाके से 10 वर्षीय बच्ची लापता हुई थी। दो दिन बाद घर से कुछ दूरी पर स्थित कुएं से उसका शव बरामद हुआ था।

पोस्टमार्टम और मेडिकल जांच में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। घटना के बाद तत्कालीन एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर गांव में लगातार दो-तीन दिनों तक सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

19 ग्रामीणों का हुआ डीएनए टेस्ट

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर 19 ग्रामीणों को नोटिस जारी किया था। सभी का डीएनए सैंपल भी लिया गया, लेकिन जांच में किसी का डीएनए बच्ची से मिले डीएनए से मैच नहीं हुआ। इसके बाद भी पुलिस जांच जारी रखे हुए है।

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि बच्ची के स्वजनों ने जिन लोगों पर आरोप लगाया है, उनका लाई डिटेक्टर टेस्ट कराया जाएगा। यदि जांच में उनसे कोई ठोस जानकारी नहीं मिलती है तो पुलिस अन्य संदिग्धों का भी लाई डिटेक्टर टेस्ट कराएगी।

समाहरणालय में अनिश्चितकालीन धरना

हत्याकांड का अब तक खुलासा नहीं होने से बच्ची के स्वजन और ग्रामीणों में नाराजगी है। मामले के उद्भेदन और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण व स्वजन पलामू समाहरणालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। उनका कहना है कि घटना का जल्द खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।