पलामू में बिजली विभाग के महाप्रबंधक को फोन पर मिली धमकी, गाली-गलौज का भी आरोप; जांच में जुटी पुलिस
बिजली विभाग के महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंता श्रवण कुमार को मोबाइल पर गाली-गलौज और घेराव की धमकी मिली है। उन्होंने ...और पढ़ें

महाप्रबंधक को फोन पर मिली धमकी।
HighLights
महाप्रबंधक को फोन पर मिली धमकी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, कानूनी कार्रवाई का आश्वासन।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू के बिजली विभाग के महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंता श्रवण कुमार को मोबाइल फोन पर कथित तौर पर गाली-गलौज करने और घेराव की धमकी देने का मामला सामने आया है।
घटना के बाद महाप्रबंधक ने सदर थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विभागीय मोबाइल पर आया फोन, आपत्तिजनक भाषा का आरोप
महाप्रबंधक की ओर से थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार 23 अगस्त को दिन में करीब 11 से 12 बजे के बीच एक मोबाइल नंबर से उनके विभागीय मोबाइल नंबर पर कॉल आया। आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने बातचीत के दौरान आपत्तिजनक और कथित तौर पर आपराधिक भाषा का इस्तेमाल किया।
गाली-गलौज करने के साथ ही घेराव करने की चेतावनी भी दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार कॉल करने वाले के व्यवहार और बातचीत से उन्हें भविष्य में किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका है। इसी को लेकर उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस से आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है।
नंबर की छानबीन में रंजीत गुप्ता का नाम सामने आने का दावा
महाप्रबंधक ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि संबंधित मोबाइल नंबर की छानबीन कराने पर उसकी पहचान रंजीत गुप्ता, पिता नरेश प्रसाद गुप्ता, निवासी अंधेरीबाग, पिपरा, पलामू के रूप में होने की जानकारी मिली। उन्होंने पुलिस से आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
आवेदन के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
इस संबंध में सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंता की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आलोक में मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
