विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बाढ़ में बहीं किताबें...', 5वीं की छात्रा का दर्द सुन भावुक हुए Palamu DC, ऑन द स्पॉट किया समाधान

Published: Wed, 19 Aug 2026 09:18 PM (IST)

पलामू के जन समाधान दिवस में पांचवीं कक्षा की छात्रा कृतिका ने उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को बताया कि बाढ़ में उसकी किताबें बह गईं।

HighLights

  1. बाढ़ में छात्रा कृतिका की सभी किताबें बह गईं।

  2. उपायुक्त ने तुरंत शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

  3. बच्ची की पढ़ाई जारी रखने का संकल्प लिया गया।

संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। जिला समाहरणालय में बुधवार को आयोजित जन समाधान दिवस कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त की संवेदनशीलता की एक मिसाल देखने को मिली। दरअसल, कार्यक्रम में वार्ड नंबर-2, बैंक कॉलोनी निवासी कक्षा 5 की छात्रा कृतिका ने उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के समक्ष अपनी परेशानी साझा की।

कृतिका ने बताया कि हाल में हुई भारी बारिश व कोयल नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण उसके घर में पानी घुस गया था। इस आपदा में उसकी सभी कॉपियां, किताबें और पढ़ाई से जुड़ी अन्य सामग्रियां बह गईं। बाढ़ जैसी स्थिति के कारण न सिर्फ घर का सामान प्रभावित हुआ, बल्कि उसकी पढ़ाई भी बाधित हो गई।

आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह नए सिरे से पढ़ाई की सामग्री खरीद पाने में असमर्थ थी। बच्ची की बात सुनकर उपायुक्त भावुक हो गए।

Kritika Palamu DC

उन्होंने कृतिका की पढ़ाई के प्रति चिंता को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी को बच्ची को पठन-पाठन की सभी आवश्यक सामग्री अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार का दायित्व है कि आपदा के समय भी बच्चों का भविष्य सुरक्षित रहे। जन समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य ही आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर त्वरित निवारण करना है।

कृतिका के स्वजनों ने उपायुक्त के इस त्वरित निर्णय की सराहना की है। उनका कहना है कि इस कदम से बच्ची का आत्मविश्वास बढ़ा है और पढ़ाई फिर से पटरी पर लौट सकेगी।

इसके अलावा जन समाधान दिवस में राजस्व, आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य विभागों से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।