चैनपुर में गाय शेड निर्माण योजना की होगी जांच
चैनपुर में हंगामेदार रही पंचायत समिति की बैठक
चैनपुर में गाय शेड निर्माण योजना की होगी जांच
फोटो संवाद सूत्र, चैनपुर (पलामू): चैनपुर प्रखंड कार्यालय सभागार में गुरुवार को आयोजित पंचायत समिति की बैठक में पेयजल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य विभाग व अन्य मुद्दा छाया रहा। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख गायत्री देवी व संचालन सचिव सह प्रखंड विकास पदाधिकारी गिरिवर मिंज ने किया। बैठक में प्रमुख गायत्री देवी ने स्वास्थ्य विभाग संबंधित सवाल उठाए। चिकित्सा प्रभारी डा. चमन कुमार ने बताया कि प्रसूति महिलाओं को सुबह नाश्ता में अंडा व बिस्किट, दोपहर में खिचड़ी व शाम भोजन में खिचड़ी व अंडा दिया जाता है। प्रमुख ने प्रखंड कार्यालय पर पेयजल की अनुपलब्धता पर ध्यान आकृष्ट कराया। बीडीओ ने शीघ्र समस्या की समाधान की बात कही। अंचलाधिकारी संजय बाखला ने जानकारी दी कि सुखाड़ राहत से मुआवजा के लिए चैनपुर अंचल से 12 से 13 करोड़ रूपए की रिपोर्ट भेजी गई है। उप प्रमुख सुनील सिंह ने गाय शेड निर्माण में अनियमितता का सवाल उठाया। इस पर जांच का निर्णय लिया गया। बैठक में एक वर्ष के लिए लाटरी से पांच मुखिया का चयन समिति सदस्य के रूप में किया गया।
इसमे करसो पंचायत की मुखिया सीमा देवी, पतरिया की रानी कुमारी सिंह, कोशियारा पंचायत की गूंजा देवी, खुरा पंचायत की निर्मला देवी व भडगावां पंचायत की मुखिया सुनीता देवी का नाम शामिल है। बैठक में अनुपस्थित वन विभाग, कल्याण विभाग, सहकारिता विभाग व सहायक अभियंता से स्पष्टीकरण पूछने का निर्णय लिया गया। बैठक में आपूर्ति, आईसीडीएस, विद्युत विभाग, मनरेगा आदि की समीक्षा की गई। मौके पर प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी राधेश्याम राम, बीएओ संजीव कुमार, जेई विशाल तिवारी व रणधीर सिंह एमओ रजनीकांत पांडेय, बीपीओ दीपक कुमार व अभय दुबे, पंसस मुन्ना पाल, नरेश राम आदि मौजूद थे।