राशन कार्ड संबंधित समस्याओं के लिए खुला काउंटर
पलामू जिले में राशन कार्ड के लिए 6741 सदस्यों की है रिक्ति उपायुक्त के निर्देश पर खोला गया है
पलामू जिले में राशन कार्ड के लिए 6741 सदस्यों की है रिक्ति
उपायुक्त के निर्देश पर खोला गया है विशेष काउंटर, लोगों को होगी सुविधा
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू) : जिले में राशन कार्ड की समस्याओं के निष्पादन के लिए जिला समाहरणालय में बुधवार को स्थापित विशेष काउंटर ने काम करना आरंभ कर दिया है। मालूम हो कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पलामू जिला में 18 लाख 28 हजार 926 सदस्यों को आच्छादित किया जाना है। इसके विरुद्ध अबतक 18 लाख 22 हजार 185 सदस्यों को आच्छादित किया जा चुका है। अभी भी 6741 सदस्यों को आच्छादित किए जाने के लिए रिक्ति उपलब्ध है। जिले के शतप्रतिशत लाभुकों को राशन कार्ड से आच्छादित करने, राशन कार्ड में छुटे हुए सदस्यों का नाम जोड़ने, मृत व डुप्लीकेट राशनकार्ड धारियों का नाम डिलिशन का कार्य एवं उपलब्ध रिक्ति के आलोक में अन्य कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा काउंटर में राशन कार्ड में सदस्यों का नाम जोड़ने का कार्य, नाम सुधार करने, डीलर बदलने से संबंधित आवेदनों को ससमय निष्पादन भी किया जाएगा। समाहरणालय परिसर में जन सुविधा कार्यालय में आपूर्ति कार्यालय से संबंधित काउंटर में रोस्टरवार प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।
बाक्स:
रोस्टरवार प्रतिनियुक्त प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों की विवरणी मेदिनीनगर : राशन कार्ड की समस्याओं का निष्पादन के लिए बने काउंटर में सोमवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी चैनपुर की नियुक्ति की गई है। वहीं मंगलवार को लेस्लीगंज, बुधवार को सदर मेदनीनगर के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी काउंटर पर मौजूद रहेंगे। इसी तरह गुरुवार के लिए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी पाटन, शुक्रवार के लिए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मनातू व शनिवार के लिए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी छतरपुर की प्रति नियुक्ति की नियुक्ति की गई है।