18 लाख की मरम्मत के बाद भी खाली पड़ा तहसील कर्मचारी भवन,पलामू में अंचल कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर लोग
पलामू के नावा बाजार में 18 लाख की मरम्मत के बाद भी तहसील कर्मचारी भवन खाली पड़ा है, जिससे ग्रामीणों ...और पढ़ें
-1790677308852_m.webp)
खाली पड़ा तहसील कर्मचारी भवन (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
नावा बाजार में 18 लाख की मरम्मत के बाद भी भवन खाली।
राजस्व कर्मचारी की अनुपस्थिति से ग्रामीणों को अंचल कार्यालय जाना पड़ रहा।
बीडीओ ने सप्ताह में एक-दो दिन कर्मचारी बैठने का आश्वासन दिया।
बबलू गुप्ता, नावा बाजार (पलामू)। प्रखंड मुख्यालय में औरंगाबाद-मेदिनीनगर एनएच-98 के किनारे स्थित तहसील कर्मचारी भवन सह कर्मचारी आवास हल्का एक के राजस्व कर्मचारी का वर्षों से इंतजार कर रहा है। वर्ष 2004 में राजस्व कर्मचारी के लिए बनाए गए इस भवन का लंबे समय तक उपयोग नहीं हो सका। विभाग को हैंडओवर नहीं किए जाने के कारण निर्माण के बाद भी भवन खाली पड़ा रहा।
वर्ष 2008 में नवसृजित नावा बाजार प्रखंड कार्यालय का संचालन कुछ समय के लिए इसी भवन के दो कमरों से हुआ था। करीब दस वर्षों तक जर्जर भवन में विभिन्न विभागों का कामकाज चलता रहा। वर्ष 2018 में प्रखंड सह अंचल कार्यालय के लिए नया भवन उपलब्ध होने के बाद यहां संचालित कार्यालय को स्थानांतरित कर दिया गया।
इसके बाद तहसील कर्मचारी भवन फिर खाली हो गया। वर्ष 2023 में सरकार ने करीब 18 लाख रुपये खर्च कर भवन की मरम्मत कराई। इसमें रंग-रोगन के साथ बिजली, पानी समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
इसके बावजूद हल्का एक के राजस्व कर्मचारी को यहां पदस्थापित नहीं किया गया। वर्तमान में भवन के आसपास गंदगी का अंबार लगा है और उपयोग के अभाव में सरकारी भवन फिर बदहाल होने लगा है। मरम्मत पर लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी भवन का उपयोग नहीं होने से सरकारी राशि के सदुपयोग पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों को अंचल कार्यालय आने-जाने में हो रही परेशानी
भाजपा प्रखंड अध्यक्ष महादेव यादव ने कहा कि हल्का कर्मचारी के भवन में बैठने से ग्रामीणों को गांव के स्तर पर ही राजस्व संबंधी कार्य कराने की सुविधा मिलेगी। अंचल कार्यालय आने-जाने में होने वाली परेशानी के साथ ग्रामीणों का किराया भी बचेगा।
तीन हल्कों के लिए बने हैं सरकारी भवन : रीना देवी
जिप सदस्य रीना देवी ने कहा कि प्रखंड में तीन हल्का हैं और तीनों के लिए सरकारी राशि से भवन बनाए गए हैं। इसके बावजूद राजस्व कर्मचारियों को प्रखंड कार्यालय में ही बैठने की अनुमति दी गई है। इससे ग्रामीणों को जमीन संबंधी समस्याओं के समाधान में परेशानी हो रही है। ऑनलाइन रजिस्टर-टू में खाता-प्लॉट दर्ज नहीं होने और नामांतरण से संबंधित शिकायतें भी लगातार मिल रही हैं।
ग्रामीणों को अंचल कार्यालय का लगाना पड़ता है चक्कर : जोहरा बीवी
इटको पंचायत की मुखिया जोहरा बीवी ने कहा कि हल्का एक के राजस्व कर्मचारी के प्रखंड कार्यालय में बैठने से ग्रामीणों को जमीन संबंधी कार्यों के लिए अंचल कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। इटको, सोहदाग और कुंभीकला पंचायत के दर्जनों गांवों में जमीन से जुड़े मामले लंबित हैं।
वर्षों से उपयोग में नहीं भवन, ग्रामीण परेशान : अरुण सिन्हा
सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर सह समाजसेवी अरुण कुमार सिन्हा ने कहा कि एनएच-98 के किनारे बना तहसील कर्मचारी भवन वर्षों से उपयोग में नहीं है। राजस्व कर्मचारी के यहां नहीं बैठने के कारण हल्का एक के ग्रामीणों को जमीन संबंधी कार्यों के लिए प्रखंड-अंचल कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
सप्ताह में एक-दो दिन भवन में बैठेंगे कर्मचारी : बीडीओ-सह-सीओ
बीडीओ-सह-सीओ रेणुबाला ने कहा कि नए कर्मचारियों का प्रतिस्थापन हुआ है। राजस्व कर्मचारी सप्ताह में एक-दो दिन तहसील कर्मचारी भवन में बैठेंगे।
यह भी पढ़ें- झारखंड के वांटेड माओवादी ने बिहार में किया सरेंडर, पलामू में ओपी प्रभारी ने गिरफ्तार करके छोड़ा था उसे
