मूर्ति विसर्जन जुलूस को रोका, तनाव
विश्रामपुर लक्ष्मी पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे लोगो को एक समुदाय विशेष ने रोक दिया। जिससे तनाव की स्थिति उतपन्न हो गयी थी।
संवाद सूत्र, विश्रामपुर : लक्ष्मी पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे लोगों को एक समुदाय विशेष ने रोक दिया। इससे थोड़ी देर के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को समझा-बुझा कर मामले को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने अपनी निगरानी में मूर्ति का विसर्जन कराया। मामला सोमवार रात का है।
जानकारी के अनुसार विश्रामपुर नगर परिषद अंतर्गत वार्ड 10 के मधुरीडीह गांव में लक्ष्मी पूजा का भव्य आयोजन दीपावली के दिन किया गया था। मूर्ति विसर्जन जुलूस निकाला गया। जुलूस विश्रामपुर के दर्जी मुहल्ला पहुंचा तो एक समुदाय विशेष के कई युवकों ने मूर्ति विसर्जन जुलूस को रोक दिया। इसके बाद विवाद बढ़ने लगा। तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। तत्काल पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों से बात की। विवाद खत्म हुआ। मौके पर पुलिस निरीक्षक राज बल्लभ पासवान, विश्रामपुर थाना प्रभारी श्रीभगवान सिंह, रेहला थाना प्रभारी अभिजीत गौतम मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि इद्रीस हवारी, बजरंग दल के जिला सह संयोजक पंकज कुमार लाल, पार्षद प्रतिनिधि संजय ठाकुर,मकसूद खलीफा,मसिर खलीफा,शफीक खलीफा सहित कई लोग मौजूद थे।