पत्नी की हत्या कर शव जमीन में गाड़ा, इस तरह खुला राज
murder in palamu. झारखंड के पलामू में पति ने पत्नी की हत्या कर शव जमीन में गाड़ दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
पलामू, जेएनएन। झारखंड में पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया। पुलिस ने शव को पिपरा तालाब के समीप एक गड्ढे से शनिवार की रात बरामद किया। मृतका का नाम अंजू देवी, पिता तेतर यादव ग्राम बनुआ उम्र करीब 22 वर्ष है।
घटना को अंजाम अंजू देवी के पति कुंदरी ग्राम निवासी पटन यादव का पुत्र मुकेश यादव ने दिया है। उसने 15 जनवरी की रात 10 बजे ही हत्या कर दी थी। घटना के बाद मुकेश ने पत्नी के परिजनों को उसके भाग जाने की बात बताई थी। थाने को भी पांच दिनों तक गुमराह कर रखा था। शनिवार का पूरा दिन पुलिस ओरिया नदी के किनारे शव खोजती रही। शव नहीं मिलने पर पुलिस ने मुकेश की पिटाई की तो उसने कबूल किया कि उसने शव को पिपरा तालाब के पास भव से निकले गढ़ा में गाड़ कर उसमें नमक डाल दिया था।
पुलिस ने शव को परीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मुकेश ने बताया कि उसने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या की। अंजू की शादी मई 2017 में हुई थी। उसने चार महीने पहले ही एक बच्ची को जन्म दिया था।