आपसी विवाद में पति ने की टांगी से मारकर पत्नी की हत्या, गिरफ्तार
नशे में धुत्त लखन ने अपनी 37 वर्षीय पत्नी सुनीता की टांगी से मारकर हत्या कर दी। घटना झारखंड के पलामू की है।
पलामू, जेएनएन। झारखंड में पलामू जिला के हरिहरगंज थाना अंतर्गत सलैया पंचायत के बरवाडीह गांव में पति ने टांगी से मारकर पत्नी की हत्या कर दी। घटना बुधवार सुबह की है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पति लखन साव व पत्नी सुनीता देवी के बीच आपसी विवाद हो गया। इसी दौरान नशे में धुत्त लखन ने अपनी 37 वर्षीय पत्नी सुनीता की टांगी से मारकर हत्या कर दी। इधर, सूचना मिलते ही पथरा पिकेट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याराेपित पति लखन साव को घटना स्थल से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, टांगी भी बरामद कर लिया।
पुलिस ने सुनीता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल भेज दिया है। सुनीता अपने पीछे तीन बच्चे छोड़ गई है। बताया जाता है कि इससे पहले भी पति-पत्नी में विवाद हुआ था। मामला थाना पहुंचा था। पुलिस ने लखन साव को जेल भेज दिया था। 10 दिन पहले ही वह जेल से छूटा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। इधर, हत्या की घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।