पलामू में पत्थर से कुचलकर फैक्ट्री कर्मचारी की हत्या
Murder in palamu. झारखंड में पलामू के विश्रामपुर प्रखंड के रेहला थाना अंतर्गत डंडीला गांव निवासी लालमुनी शुक्ला की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी।
विश्रामपुर (पलामू), जेएनएन। झारखंड में पलामू के विश्रामपुर प्रखंड के रेहला थाना अंतर्गत डंडीला गांव निवासी 45 वर्षीय लालमुनी शुक्ला की अज्ञात अपराधियों ने पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। शव को भेलवा नदी के निकट फेंक दिया। घटना गुरुवार देर रात की है। इधर, पुलिस ने शुक्रवार की सुबह शव बरामद कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक सुरजीत कुमार स्थल पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल भेज दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, लालमुनी शुक्ला रेहला स्थित ग्रासिम इंडस्ट्रीज के कर्मचारी थे। वे गुरुवार की देर रात ड्यूटी खत्मकर अपने घर डंडीला जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात अपराधियों ने उनकी हत्या कर दी। उनके शरीर को पत्थर से कुचल दिया। शुक्रवार को उनका शव भेलवा नदी के निकट मिला। शव मिलने का हल्ला सुनकर लोग भेलवा नदी पहुंचे। पाया किया लालमुनी का शव पड़ा। इसकी तत्काल सूचना रेहला थाना पुलिस को दी गई।
बताया जाता है कि रात में लालमुनी शुक्ला घर नहीं आए तो परिजन ने सोचा कि फैक्ट्री में रुक गए होंगे। इधर शुक्रवार को शव मिलने के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है।