भाजपा के लिए सत्ता सेवा का माध्यम : जयंत
पूर्व की सरकार के लिए सत्ता एक मेवा का माध्यम था वहीं हमारी सरकार ने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया है। देश में जो विगत साठ वर्षों में नहीं हुआ उससे कही अधिक कार्य मोदी सरकार ने विगत साठ माह में कर दिखाया है।
मेदिनीनगर : पूर्व की सरकार के लिए सत्ता एक मेवा का माध्यम था, वहीं हमारी सरकार ने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया है। देश में जो विगत साठ वर्षों में नहीं हुआ उससे कही अधिक कार्य मोदी सरकार ने विगत साठ माह में कर दिखाया है। विकास की इसी सोच का परिणाम है कि पलामू सांसद के प्रयास से प्रमंडलीय मुख्यालय से में जल्द ही हवाई यात्रा शुरू कर दी जाएगी। यह बातें केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री जयंत सिन्हा ने कही। वे मंगलवार को बैरिया स्थित चंद्रा रिसोर्ट में आयोजित भाजपा के संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री ने महागठबंधन को महाठगबंधन की संज्ञा दी। कहा कि वो हाथी व साइकिल की बात करते है, वहीं हम बुलेट ट्रेन की बात करते हैं। वो तीर धनुष की बात करते है, जबकि हम मिसाइल की बात करते हैं। केंद्रीय मंत्री ने आसन्न लोकसभा चुनाव में निवर्तमान सांसद विष्णुदयाल राम के पूर्व से भी अधिक मतों से जीत की बात कही। सांसद सह लोकसभा प्रत्याशी विष्णु दयाल राम ने कहा कि विगत पांच वर्षों तक उन्होंने पूरी ईमानदारी व तन्मयता से विकास कार्यों को धरातल पर पहुंचाने का काम किया है। विगत कार्यकाल में राजनीतिक तजुर्बा नहीं होने के कारण संभव है कि वह सभी लोगों को खुश ना रख पाए हो। इसकी भरपाई दोहरे विश्वास उत्साह उमंग से वह पलामू संसदीय क्षेत्र के विकास के मार्ग को प्रशस्त करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने वीडी राम को लोकसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर खुशी जाहिर किया। साथ आसन्न चुनावों में अपार बहुमत से जीत दिलाने का आह्वान किया मौके पर छतरपुर विधायक राधाकृष्ण किशोर, डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया, प्रदेश मंत्री मनोज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पांडेय, श्यामनारायण दुबे, शारदा महेश प्रसाद देव, अलख पांडे, गढ़वा जिला भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश केसरी, हजारीबाग जिलाध्यक्ष टुन्नू गोप, प्रेम सिंह, रघुराज पांडे मुकेश निरंजन सिन्हा, विभाकर पांडेय, लवली गुप्ता, नीलू मिश्रा सहित पलामू व गढ़वा जिले के भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।