शौचालय निर्माण की 3.5 लाख राशि गबन का आरोपित गया जेल
चैनपुर शौचालय निर्माण के लिए राशि लेकर गबन करने के आरोप में पाकी निवासी अरविद राम को चैनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया।
संवाद सूत्र, चैनपुर,पलामू : शौचालय निर्माण के लिए राशि गबन करने के आरोप में पांकी निवासी अरविद राम को चैनपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया। अरविद चैनपुर प्रखंड क्षेत्र के पांच गांवों में शौचालय निर्माण के नाम पर संबंधित मुखिया व जलसहिया से करीब 3.5 लाख रुपया ले चुका था। बार-बार आग्रह करने पर भी शौचालय निर्माण नहीं कराया तो संबंधित मुखिया व जलसहिया ने चैनपुर थाना में मामला दर्ज कराया। इसी आलोक में उसकी गिरफ्तारी की गई। इस संबंध में चैनपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी अलका कुमारी ने बताया कि अरविद राम नेउरा, गरदा, भड़गावां, कंकारी व डुमरी में शौचालय निर्माण के नाम पर पैसा लेकर गबन कर लिया था। इसे लेकर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के समन्वयक विनोद राम चैनपुर थाना में मामला दर्ज कराया था। चैनपुर थाना प्रभारी सुनीत कुमार ने बताया कि मामले में छानबीन कर प्राथमिकी अभियुक्त अरविद को जेल भेज दिया गया।