विद्युत आपूर्ति में अनियमितता, लोगों में आक्रोश
पांडू प्रखंड क्षेत्र में लगभग एक सप्ताह से बिजली की आँख मिचौली जारी है। लोगो को नहीं के बराबर बिजली मिल रही है। इस कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
संवाद सूत्र, पांडू : प्रखंड क्षेत्र में लगभग एक सप्ताह से बिजली की आंख मिचौली जारी है। लोगों को नहीं के बराबर बिजली मिल रही है। इस कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वर्तमान में स्थिति यह है कि रात में करीब आठ बजे बिजली आती है। एक-दो घंटे रहने के बाद चली जाती है। वहीं विगत एक सप्ताह से भीषण गर्मी भी पड़ रही है। इस भीषण गर्मी में बिजली के अभाव में मोबाइल चार्ज व कूलर पंखे बंद हैं। प्रखंड की तीनों प्रमुख नदियां सूख गई है। क्षेत्र में विद्युत पंप के सहारे प्रखंड मुख्यालय पांडू बाजार व ग्रामीण घरों में पानी का उठाव होता है। वहीं किसान भी बिजली पंप के सहारे ही फसलों की सिचाई करते हैं। लॉकडाउन में दुकानदारों का कारोबार बंद हैं तो किसानों को घर चलाने की चिता सता रही है। बाहर गए मजदूर भी अपने घरों में गांव में वापस लौट गए हैं। इसलिए किसानों को यह चिता है कि यदि घर में अनाज घटेगा तो परिवार क्या खाएगा। इससे निजात पाने के लिए किसानों ने बड़े पैमाने पर गरमा फसल की खेती की है। खेतों में मकई और सब्जी की खेती लहलहा रही है। मगर बिजली नहीं मिलने के कारण फसलों की सिचाई नहीं हो पा रही है। किसानों ने कहा कि मूंग के पौधों में फूल-फल लेने का समय आया है। ऐसे में अगर बिजली नहीं मिली तो फसलें सूख जाएंगी। वहीं बिजली संकट को देखते हुए जिप सदस्य अनिल चंद्रवंशी रविवार को कुटमू विद्युत पावर सब स्टेशन पहुंचे। उन्होंने विद्युत विभाग के जेई से बात कर विद्युत आपूर्ति समस्या की जानकारी ली। जेई ने बताया कि बी मोड़ के पावर ग्रीड से बिजली बहुत कम मिल रही है। यदि पावर मिलेगा तो क्षेत्र को पर्याप्त बिजली मिलेगी। जिप सदस्य ने कहा कि इस बारे में उन्होंने बिजली विभाग के एसडीओ से बात करनी चाही तो उन्होंने मोबाइल रिसीव नहीं किया। कहा कि वे विद्युत आपूर्ति में सुधार के लिए उपायुक्त पलामू व विद्युत विभाग के पदाधिकारियों को आवेदन देकर क्षेत्र में पर्याप्त बिजली देने की मांग की है।