अब नहीं चलेगी अवैध क्लिनिक की दुकानदारी : सीएस
मेदिनीनगर पलामू में धड़ल्ले से अवैध रूप से क्लिनिकों का संचालन जारी है। कई बार यहां इलाज के दौरान मरीजों की मौत होने की सूचनाएं मिलती हैं। स्वास्थ्य विभाग इस मसले पर गंभीर हैं। अवैध क्लिनिक संचालकों को अंतिम चेतावनी है कि वे अपनी दुकानदारी बंद कर लें। छापेमारी के दौरान अवैध क्लिनिक पकड़े गए तो कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उक्त बातें पलामू के सिविल सर्जन डा जॉन एफ कनेडी ने कही। वे शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय वेश्म में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पलामू में अब अवैध क्लिनिकों की दुकानदारी नहीं चलने देंगे।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर : पलामू में धड़ल्ले से अवैध रूप से क्लिनिकं का संचालन जारी है। कई बार यहां इलाज के दौरान मरीजों की मौत होने की सूचनाएं मिलती हैं। स्वास्थ्य विभाग इस मसले पर गंभीर है। अवैध क्लिनिक संचालकों को अंतिम चेतावनी है कि वे अपनी दुकानदारी बंद कर लें। छापेमारी के दौरान अवैध क्लिनिक पकड़े गए तो कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उक्त बातें पलामू के सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ कनेडी ने कही। वे शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय वेश्म में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पलामू में अब अवैध क्लिनिक की दुकानदारी नहीं चलने देंगे। जिला से लेकर प्रखंड स्तर पर छापेमारी टीम गठित है। नियमित रूप से अवैध क्लिनिक पर छापेमारी होगी। उन्होंने कहा कि पलामू में 33 निजी क्लिनिक आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग से सूचीबद्ध हैं। कुछ अस्पतालों से शिकायतें मिल रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक टीम गठित की जाएगी। टीम आयुष्मान भारत से सूचीबद्ध अस्पतालों का निरीक्षण करेगी। मापदंड के अनुसार नहीं पाए जाने पर अस्पतालों का आयुष्मान भारत से संबंधित लाइसेंस रद्द होगा। आयुष्मान भारत के तहत निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही क्लिनिक का संचालन करना है। आयुष्मान भारत से सूचीबद्ध कुछ अस्पताल संचालक मरीजों से भी राशि वसूल रहे हैं। इस सवाल के जवाब में सिविल सर्जन ने कहा कि अगर साक्ष्य मिला तो वैसे अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई तय है। इधर, सिविल सर्जन ने बताया कि गठित टीम अस्पतालों का औचक निरीक्षण करेगी। फर्जी चिकित्सक और फर्जी क्लिनिक को बंद कराना ही मूल मकसद है। इससे पहले भी पाटन के किशुनपुर, हरिहरगंज आदि क्षेत्रों में संचालित अवैध क्लिनिकों को सील किया जा चुका है। लोग जेल में बंद हैं। पाटन के किशुनपुर में अवैध रूप से संचालित मुस्कान क्लिनिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। संचालक फरार है। उन्होंने अवैध क्लिनिकों के संचालकों को हिदायत दी है कि वे अविलंब इसे बंद कर दें। मौके पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता मौजूद थे।