पलामू में गैस सिलिंडर से लदा ट्रक पलटा, बाल-बाल बचे लोग; शराब के नशे में था ड्राइवर
पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र में चेगौना धाम के पास गैस सिलिंडर से लदा एक ट्रक पलट गया, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

गैस सिलिंडर लदा ट्रक पलटा। (जागरण)
HighLights
चेगौना धाम के पास गैस सिलेंडर से भरा ट्रक पलटा।
दुर्घटना में कोई हताहत नहीं, सड़क पर अफरा-तफरी मची।
पुलिस ने स्थिति संभाली, चालक के नशे में होने की आशंका।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में डालटनगंज-औरंगा मार्ग मुख्य पथ पर चेगौना धाम के पास शनिवार रात गैस सिलिंडर लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
ट्रक में बड़ी संख्या में गैस सिलिंडर लदे होने के कारण दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बताया जाता है कि गैस सिलिंडर लदा ट्रक डालटनगंज से औरंगाबाद की ओर जा रहा था। शनिवार रात करीब नौ बजे चेगौना धाम के समीप पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।
इसके बाद ट्रक सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ और आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर जुटने लगे। सिलिंडर लदा होने के कारण लोगों में किसी अनहोनी की आशंका बनी रही।
घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से दूर रहने की हिदायत दी।
एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस की निगरानी में ट्रक और उसमें लदे गैस सिलिंडर को सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार चौबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
