बीडीओ ने 8 लोगों के खिलाफ दर्ज कराई नामजद प्राथमिकी
विश्रामपुर विश्रामपुर प्रखंड के गुरी पंचायत सचिवालय में स्थापित क्वारेंटाईन सेंटर में छह प्रवासी मजदूरों को क्वारेंटाईन के लिए रखा गया था।
संवाद सूत्र, विश्रामपुर : विश्रामपुर प्रखंड की गुरी पंचायत सचिवालय में स्थापित क्वारंटाइन सेंटर में छह प्रवासी मजदूरों को क्वारंटाइन के लिए रखा गया था। यहां स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर नाजायज मजमा लगाते हुए एनएच-75 को जाम करने की कोशिश की। इसके खिलाफ विश्रामपुर के बीडीओ संजय कुमार पांडेय ने गांव के 8 व्यक्तियों के खिलाफ विश्रामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार 18 मई को 6 प्रवासी मजदूर हैदराबाद के रेड जोन से आए थे। इन सभी को गुरी पंचायत भवन स्थित क्वारंटाइन में आवासन कराया गया था। गांव के लोगों ने इसका विरोध करते हुए लगभग 200 लोगों ने क्वारंटाइन से 6 लोगों को जबरदस्ती बाहर निकालकर मजमा लगाकर एनएच 75 को बाधित करने की कोशिश की। इस संबंध में विश्रामपुर के बीडीओ संजय पांडेय ने आठ नामजद लोगों पर कोरोना वायरस आपदा की घड़ी में जानबूझकर परेशान करने की नीयत से नाजायज मजमा बनाकर स्थानीय लोगों को उकसा कर रोड जाम करने का भरपूर प्रयास करने संबंधित मामला दर्ज कराया है। आपदा व सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करना, अधोहस्ताक्षरी के साथ दुर्व्यवहार करने, वह ऑन ड्यूटी सरकारी पदाधिकारी के साथ बदतमीजी करने आदि का मामला शामिल है। घटना 18 मार्च 2020 की रात लगभग 8.15 बजे की है। गुरी गांव के 8 लोगों में मुकेश कुमार मिश्रा, सुरेंद्र पाठक, शिवराज मिश्रा, राहुल मिश्रा, प्रवेश भुइयां, लव मिश्रा, ऋषिकेश पाठक व अरुण मिश्रा को नामजद आरोपित बनाया गया है।