पलामू में करंट लगने से हाथी की मौत
बिजली के तार की चपेट में आने से हाथी की मौत हो गई। मृत हाथी को देखने के लिए ग्रामीण जुट गए है। खबर लिखे जाने तक वन विभाग का कोई अधिकारी व कर्मचारी स्थल पर नहीं पहुंचा है।
पलामू, जासं। मोहम्मदगंज-हैदरनगर सीमा स्थित सड़या गांव के निकट करंट लगने से एक हाथी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार घटना स्थल के पास 11 हजार वोल्ट का तार जमीन से काफी नजदीक लटक रहा था। इसमें करंट प्रभावित हो रहा था। इसी की चपेट में आने से हाथी की मौत हो गई।
कई दिनों से भटक रहा था हाथी
मालूम हो कि पिछले कई माह से यह जंगली हाथी भटककर पलामू जिला के मोहम्मदगंज, हैदरनगर व विश्रामपुर थाना क्षेत्र में विचरण कर रहा था। इस दौरान उसने कई गांव के घरों को क्षतिग्रस्त भी कर दिया था। बावजूद वन विभाग हाथी को उसके शरण स्थल की ओर ले जाने में विफल रहा।
अब तक कोई अधिकारी व कर्मचारी स्थल पर नहीं पहुंचा
बताया जाता है कि विचरण के दौरान रविवार की रात बिजली के तार की चपेट में आने से हाथी की मौत हो गई। मृत हाथी को देखने के लिए ग्रामीण जुट गए है। इन सबसे शारीरिक दूरी बनाए रखने की आपस में लोग अपील कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक वन विभाग का कोई अधिकारी व कर्मचारी स्थल पर नहीं पहुंचा है।