विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऑनलाइन खरीदारों को 80-90% छूट का लालच देकर ठगी, दीपावली-धनतेरस पर खरीदारी में रहें अलर्ट

Published: Fri, 23 Oct 2026 12:42 PM (IST)

दीपावली और धनतेरस पर साइबर ठग नामी कंपनियों की फर्जी वेबसाइट बनाकर ऑनलाइन खरीदारों को 80-90% छूट का लालच देकर ...और पढ़ें

छूट का लालच देकर साइबर ठग बना रहे शिकार, खरीदारी से पहले यूआरएल जांचने की सलाह।

छूट का लालच देकर साइबर ठग बना रहे शिकार, खरीदारी से पहले यूआरएल जांचने की सलाह।

HighLights

  1. साइबर ठग फर्जी वेबसाइटों से 80-90% छूट का लालच दे रहे।

  2. ऑनलाइन खरीदारी से पहले वेबसाइट का यूआरएल जांचना आवश्यक है।

  3. ठगी होने पर तुरंत बैंक और हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। दीपावली और धनतेरस पर ऑनलाइन खरीदारी करने वालों को साइबर ठग निशाना बना रहे हैं। नामी कंपनियों और ब्रांडों के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर सस्ते सामान का लालच दिया जा रहा है।

इन वेबसाइटों पर इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े और घरेलू सामान समेत विभिन्न उत्पादों पर 80 से 90 फीसदी तक छूट देने का दावा किया जा रहा है। आकर्षक ऑफर के झांसे में आकर लोग बिना जांच-पड़ताल खरीदारी कर लेते हैं और ठगी के शिकार हो जाते हैं।

साइबर ठग नामी कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट से मिलते-जुलते नाम और डिजाइन वाली वेबसाइट तैयार करते हैं। इन पर कंपनियों के लोगो, उत्पादों की तस्वीरों और आकर्षक ऑफर का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे पहली नजर में वेबसाइट असली जैसी लगती है।

सीमित समय में भारी छूट का लालच देकर ग्राहकों पर तुरंत खरीदारी करने का दबाव बनाया जाता है। भुगतान के बाद कई बार सामान नहीं मिलता, जबकि कुछ वेबसाइटों के जरिए ग्राहकों की निजी और बैंकिंग जानकारी भी चुरा ली जाती है।

लकी ड्रॉ और उपहार के नाम पर भी ठगी

त्योहारी सीजन में साइबर अपराधी लकी ड्रॉ और विशेष उपहार का लालच देकर भी लोगों को निशाना बना रहे हैं। मोबाइल पर भेजे गए संदेशों में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद लोगों से नाम, मोबाइल नंबर, बैंक खाते और कार्ड से जुड़ी जानकारी मांगी जाती है। फर्जी भुगतान पेज के जरिए ओटीपी हासिल कर खाते से रुपये निकालने की कोशिश भी की जाती है।

वेबसाइट की जांच कर ही करें खरीदारी

साइबर थाना प्रभारी नीरज कुमार ने सलाह दी है कि ऑनलाइन खरीदारी से पहले वेबसाइट के यूआरएल की जांच जरूर करें। अनजान लिंक से खुलने वाली वेबसाइट पर बैंकिंग जानकारी या ओटीपी साझा न करें।

असामान्य रूप से अधिक छूट देने वाले ऑफर से सावधान रहें और कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या विश्वसनीय ऐप से ही खरीदारी करें। अनजान लोगों की ओर से भेजे गए लकी ड्रॉ के लिंक पर क्लिक करने से भी बचें।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत बैंक से संपर्क कर खाते या कार्ड को सुरक्षित कराएं और साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से आर्थिक नुकसान कम करने में मदद मिल सकती है।