मेदिनीनगर केंद्रीय कारा के बंदी की मौत, परिजनों ने की जांच की मांग
Medininagar Central Cara. झारखंड में पलामू के मेदिनीनगर केंद्रीय कारा के बंदी की मौत का मामला सामने आया है।
मेदिनीनगर (पलामू), जेएनएन। केंद्रीय कारा के एक बंदी की मौत शुक्रवार को तड़के अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण इलाज के दौरान हो गई।
चैनुपर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुई गांव निवासी उमेश सिंह का 20 वर्षीय पुत्र ज्ञानी सिंह सात माह पूर्व प्रेम प्रसंग के मामले में जेल आया था। गुरुवार की रात ज्ञानी जेल में खाना खाने के बाद सो गया था। मध्य रात्रि में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जेल में बंद ज्ञानी के अन्य परिजन ने तत्काल जेल प्रबंधन को की इसकी सूचना दी। जेल प्रबंधन ने ज्ञानी को इलाज के लिए सदर अस्पताल स्थित कैदी वार्ड में भर्ती कराया। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घाेषित कर दिया। केंद्रीय कारा के जेलर प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि की। बताया कि केंद्रीय कारा में मृतक ज्ञानी के कई परिजन भी बंद हैं। उन लोगों ने ज्ञानी की तबीयत खराब होने की सूचना दी। इसके बाद बीमार बंदी ज्ञानी को सदर अस्पताल स्थित कैदी वार्ड पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसे मृतक घोषित कर दिया।
इधर, शुक्रवार दोपहर पुलिस की निगरानी में ज्ञानी का सदर अस्पताल में अंत्यपरीक्षण कराया गया। वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी व अन्य कागजी कार्रवाई के बाद शव परिजन के हवाले कर दिया गया। मृतक ज्ञानी की मां कलावती देवी और भाई रौशन सिंह ने बताया कि उन्हें जेल से सूचना मिली कि ज्ञानी की मौत हो गई है। खबर मिलते परिजन जेल पहुंचे तो बताया गया कि ज्ञानी सिंह सदर अस्पताल स्थित कैदी वार्ड में भर्ती है। अफरा-तफरी में वे लोग सदर अस्पताल के कैदी वार्ड पहुंचे तो ज्ञानी का शव देखा। कहा कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। इसलिए पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।