नाबालिग की शादी कराने के मामले में छतरपुर नगर पंचायत के उपाध्यक्ष गिरफ्तार
Marriage of minor. नाबालिग लड़की की शादी कराने के मामले में पुलिस ने नगर पंचायत उपाध्यक्ष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
छतरपुर (पलामू), जेएनएन। छतरपुर प्रखंड के सड़मा गांव में दो माह पूर्व एक नाबालिग लड़की की पंचायत में शादी कराने में शामिल होने के मामले में आराेपित छतरपुर नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुभाष कुमार मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उन पर नाबालिग लड़की के भाई के बयान के आधार पर छतरपुर थाना में मामला दर्ज है। इसी मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन जायसवाल भी आरोपित हैं। कांड में नाबालिग लड़की से शादी करने वाले आरोपित युवक पिंटू भूईयां को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
इस शादी के कई वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन के आदेश पर स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एक टीम बनाई थी टीम में एसडीओ, दंडाधिकारी, सीओ और थाना प्रभारी शामिल थे। टीम ने स्थल का दौरा कर मामले को सही पाया था। सीओ राकेश कुमार तिवारी ने इस संबंध में 28 अक्तूबर को नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन जायसवाल, उपाध्यक्ष सुभाष कुमार मिश्र सहित पांच लोगों पर नामजद और अन्य अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया था।
थाना प्रभारी वासुदेव मुंडा ने बताया कि इस मामले में आरोपितों ने अब तक जमानत नहीं ली है। पुलिस के भेजे गए नोटिस का भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया था। बताया कि केस का वारंट भी पेंडिंग था। इधर, आरोपित पुलिस और जांच टीम पर ही आरोप लगा रहे थे। डीएसपी शंभू कुमार सिंह ने कहा कि नगर पंचायत
अध्यक्ष की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस छापामारी कर रही है।