Move to Jagran APP

विमल यादव का खुलासा, गरीब लड़कियों का यौन शोषण करते हैं नक्सली

धनबाद से गिरफ्तार माओवादी विमल यादव के मुताबिक, गरीब नाबालिग लड़कियों को अगवा कर नक्सली उनका यौन शोषण करते थे।

By Sachin MishraEdited By: Published: Mon, 19 Mar 2018 05:00 PM (IST)Updated: Mon, 19 Mar 2018 05:00 PM (IST)
विमल यादव का खुलासा, गरीब लड़कियों का यौन शोषण करते हैं नक्सली
विमल यादव का खुलासा, गरीब लड़कियों का यौन शोषण करते हैं नक्सली

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर। भाकपा माओवादी संगठन के राकेश भुइयां व अन्य नक्सली गरीब नाबालिग लड़कियों को अगवा कर संगठन में शामिल करते थे और उनको बंधक बनाकर उनका यौन शोषण करते थे। बिहार एसटीएफ व झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में धनबाद से गिरफ्तार पांच लाख के इनामी माओवादी सबजोनल कमांडर विमल उर्फ गणेश यादव ने पुलिस पूछताछ में इस बात का खुलासा किया है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा ने रविवार को संवाददाताओं को दी।

loksabha election banner

एसपी ने बताया कि पूछताछ में विमल से कई अहम जानकारी मिली है। विमल यादव की अपनी बेटी 16 वर्ष की है, ये अपने बच्चों को बेहतर वातावरण देते हैं, लेकिन गरीब के बच्चों का जबरन शारीरिक शोषण करने में इन्हें जरा भी शर्म नहीं आती है। इनकी हरकतों से परेशान होकर तीन लड़कियां पहले ही संगठन से फरार हो चुकी है। वहीं विमल यादव की निशानदेही पर पलामू पुलिस ने नौडीहा बाजार के जमुनिया पहाड़ी क्षेत्र से एक रायफल सहित तीन दर्जन से अधिक कारतूस बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा ने बताया कि पकड़ा गया माओवादी कमांडर पिछले दिनों सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए राकेश भुइयां के दस्ते का अहम सहयोगी था।

उसकी गिरफ्तारी के साथ राकेश भुइयां के दस्ते के सभी 18 नक्सली या तो गिरफ्तार कर लिए गए हैं या तो उन्हें मार गिराया गया है। इनमें से एक नक्सली सतेंद्र भुइयां सरकार के कार्यक्रम नई दिशा से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण कर चुका है। वर्ष 1996 में विमल नक्सलियों के संपर्क में आया था। इसके बाद वह पूरी तरह संगठन में शामिल हो गया था। विगत एक वर्ष में विमल यादव सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ सहित कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहा था। इसमें छतरपुर थाना क्षेत्र के घुरघुटिया पहाड़ के पास हथियार लूटने की मंशा से सुरक्षाबलों पर हमले में विमल शामिल था। इसी वर्ष जनवरी माह में करमा चराई में लेवी नहीं देने के कारण एक निर्माण कंपनी की साइट पर हमला कर अगजनी करने व मलंगा पहाड़ पर सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में राकेश के साथ इसकी मुख्य भूमिका थी। इस घटना में राकेश भुइयां सहित लल्लू दा, रूबी व रिंकी मारे गए थे। वहीं, विगत फरवरी माह में भी हुए मुठभेड़ में विमल शामिल रहा था। इसमें महेश भोक्ता उर्फ गार्जियन मारा गया था, साथ ही महिला नक्सली मंजू घायल हो गई थी।

बेटी की शादी सैनिक से और बेटे को पुलिस में बहाल करना चाहता था विमल

भाकपा माओवादी संगठन का स्वयंभू जोनल कमांडर विमल यादव ने अपनी पुत्री की शादी रफीगंज के खैरी गांव में एक फौजी के साथ तय कर रखा था। वहीं इसका बेटा बिहार पुलिस में शामिल होने के लिए आरंभिक परीक्षा पास कर चुका था, लेकिन लांग जंप में सफल नहीं होने के कारण वह बहाल नहीं हो सका। एसपी इंद्रजीत माहथा ने बताया कि इससे संगठन में शामिल नक्सलियों का दोहरा चरित्र उजागर होता है। एक ओर ये अपने बच्चों को उच्च शिक्षा देते हैं, वहीं गरीब के बच्चों का शोषण कर उन्हें जबरन हथियार थमा दिया जाता है। बताया कि पलामू पुलिस ने विमल यादव के आत्मसर्पण के लिए उसकी पत्नी गीता देवी से संपर्क किया था। इस बीच बिहार एसटीएफ को मिले एक इनपुट के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बिहार एसटीएफ को मिलेगी पांच लाख की इनामी राशि

धनबाद जिले के अंगार पथरा ओपी क्षेत्र से धराए भाकपा माओवादी के सबजोनल कमांडर विमल यादव पर रखे गए पांच लाख का इनाम बिहार एसटीएफ की टीम को दिया जाएगा। एसपी ने बताया कि बिहार व झारखंड पुलिस के बेहतर तालमेल के कारण ही यह सफलता हासिल हुई है। लेकिन इसमें बिहार एसटीएफ का इनपुट का महत्वपूर्ण कारण रहा है। बिहार एसटीएफ में पुलिस अवर निरीक्षक मो. मुस्ताक, कृष्ण कन्हैया, धीरेंद्र कुमार, अनुरंजन कुमार, ज्योति कुमार विरूली, नंद कुमार मिश्रा व हरेराम थाना शामिल थे। वहीं, पलामू पुलिस की टीम में एएसपी अरुण कुमार सिंह, एसडीपीओ शंभू प्रसाद ¨सह, विमलेश त्रिपाठी, दयानंद साह, विपिन कुमार ठाकुर सहित 25 कर्मी शामिल थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.