यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 09, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कव्वल गांव में फैला डायरिया, एक की मौत

नौडीहा, पलामू : नौडीहा प्रखंड के ललगड़ा पंचायत के कउवल गांव में डायरिया का प्रकोप फैल गया है। इससे एक की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग आक्रांत हैं। डायरिया से पांचु भुइयां की 12 वर्षीया पुत्री गुड़िया कुमारी की मंगलवार को डायरिया से मौत हो गई। गांव के डायरिया प्रभावितों में श्रवण कुमार, पांचु यादव, सोनम कुमारी, सोनी कुमारी, मिथिलेश कुमार, रमेश कुमार, सरिता देवी, विवेक कुमार, बैजनाथ साव, रामदेनी राम, राजेश राम, सुकनी कुमारी, संजय राम, मंडल यादव, रामजीत यादव, रघुनंदन यादव, अखिलेश यादव, भगमतिया देवी, किसमतिया देवी, मुनारिक राम, सोना देवी, खुशबू कुमारी, जीतेंद्र कुमार, उदय कुमार, कमलेश भुइयां शामिल हैं। सभी अपने स्तर से निजी चिकित्सकों के यहां इलाज करा रहे हैं। मालूम हो कि प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएचसी में पदस्थापित चिकित्सक नौडीहा अस्पताल कभी नहीं जाते हैं। पिछले दिनों उपायुक्त के निरीक्षण में भी इस बात का खुलासा हुआ था। कभी-कभार पीएचसी में एएनएम आती है।
मालूम हो कि डायरिया प्रभावित गांव ललगड़ा की दूरी प्रखंड मुख्यालय से 12 किमी है। सिर्फ एएनएम के रहने के कारण लोग इलाज के लिए पीएचसी नहीं जाते है।
महुडंड में डायरिया के चार और मरीज मिले
हुसैनाबाद, पलामू : हुसैनाबाद प्रखंड के अतिउग्रवाद प्रभावित महुडंड गाव में डायरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। गांव में डायरिया की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया। हुसैनाबाद अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा गठित चिकित्सकीय टीम को दौरे के क्रम में गाव में चार और डायरिया पीड़ित मिले। दल ने सभी का इलाज किया। प्रभावितों में प्रदीप पासवान(25), योगेंद्र पासवान(29), काग्रेस कुमार(08) व आरती कुमारी(12) शामिल हैं। इस संबंध में डा अनिल ने बताया कि उसम भरी गर्मी व कड़ाके की धूप के कारण डायरिया का प्रकोप बढ़ रहा है। उक्त गाव में चिकित्सा दल प्रतिदिन दौरा करेगा। महुडंड पंचायत के कई गाव में डायरिया के लक्षण मिले हैं। बताते चले की हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल से महुडंड की दुरी लगभग 30 किमी है। महुडंड में उपस्वास्थ्य केंद्र स्थापित है। लेकिन उदघाटन की बाट जोहते-जोहते केंद्र में घास उग गया। उपस्वास्थ्य केंद्र का उपयोग ग्रामीण बकरी व गाय बाधने में कर रहे है। एक पखवारा पूर्व झाविमो के केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य कर्नल संजय कुमार सिंह ने क्षेत्र का दौरा कर इसकी शिकायत अनुमंडलीय उपाधीक्षक, सीएस पलामू के अलावा राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से की है।
