प्रतिबंधित मांस के साथ तीन गिरफ्तार, तीन फरार
संस गोमिया/कथारा (बेरमो) चतरोचट्टी थाना एवं कथारा ओपी पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन लोगा
संस, गोमिया/कथारा (बेरमो) :
चतरोचट्टी थाना एवं कथारा ओपी पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन लोगों को प्रतिबंधित मांस के साथ गुरुवार को गिरफ्तार किया। जबकि तीन लोग फरार हो गए। कथारा ओपी पुलिस ने जिस लड़के को गिरफ्तार किया है, वह नाबालिग है। उसके पिता व चाचा फरार हो गए।
वहीं चतरोचट्टी पुलिस को चकमा देकर अन्य व्यक्ति फरार हो गया। पुलिस उक्त तीनों की तलाश में है। गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना अंतर्गत लोधी पंचायत के परतिया ग्राम में प्रतिबंधित मांस बेचते हुए पुलिस ने जिन दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, उसका नाम अजीज अंसारी एवं आशिक अंसारी बताया जा रहा। थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि परतिया गांव स्थित अपने आवास में अजीज, आशिक व अयूब अंसारी प्रतिबंधित मांस को बेच रहा है। छापेमारी की तो वहां प्रतिबंधित मांस बेचते हुए अजीज व आशिक को पकड़ लिया गया। वहीं एक अन्य आरोपित अयूब अंसारी पुलिस को देखते ही फरार हो गया। दोनों गिरफ्तार आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। कथारा बस्ती में ग्रामीणों ने एक नाबालिग लड़के को प्रतिबंधित मांस के साथ पकड़कर कथारा ओपी पुलिस को सौंपा दिया। जिसे पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया। ग्रामीणों ने बताया कि लॉकडाउन के कारण किसी भी बाहरी के बस्ती में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। नाबालिग लड़का स्कूल बैग लेकर बस्ती में घुसने का प्रयास कर रहा था। ग्रामीणों ने उसे रोकते हुए पूछा कि कहां से आ रहे हो तो उसने बताया कि ट्यूशन पढ़ कर। उस लड़के के साथ आ रहे उसके पिता व चाचा फरार हो गये। ग्रामीणों ने बैग की तलाशी ली तो उसमें प्रतिबंधित मांस था। लड़का भागने लगा तो ग्रामीणों ने उसे पकड़ कर कथारा ओपी को सूचना दी। ओपी प्रभारी युधिष्ठिर महतो, सअनि केएन पाठक एवं बोकारो थर्मल थाना के सअनि सतारी वानरा पहुंचे तो ग्रामीणों ने बरामद मांस एवं नाबालिग लड़के को उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस उसे प्रतिबंधित मांस समेत कथारा ओपी ले गई, जहां गोमिया प्रखंड के पशुपालन पदाधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने उक्त मांस के प्रतिबंधित होने की पुष्टि की। गोमिया सर्किल के पुलिस इंस्पेक्टर सुजीत कुमार ने उक्त लड़के से पूछताछ की तो उसने बताया कि झिरकी बस्ती से प्रतिबंधित मांस लेकर वह कथारा के असनापानी ग्राम बेचने जा रहा था। समाचार लिखे जाने तक पुलिस उक्त लड़के समेत उसके पिता इनाम अंसारी के विरुद्ध मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही थी।