संवाद सूत्र, हिरणपुर (पाकुड़) : लिट्टीपाड़ा प्रखंड की एक छात्रा के साथ उसके ही दोस्त करणपुरा निवासी सुनिराम टुडू ने दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद छात्रा का अश्लील वीडियो भी बनाया। शनिवार की शाम पीड़िता ने हिरणपुर थाना में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित सुनिराम टुडू को गिरफ्तार कर लिया। जिसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2018 में मोबाइल फोन के माध्यम से सुनिराम से परिचय हुआ था।

22 मार्च 2022 को छलकपट कर आरोपित ने उसका सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्र ले लिया। प्रमाणपत्र की कई बार मांग करने पर सुनिराम ने इंटर व स्नातक का प्रमाणपत्र वापस कर दिया, जबकि मैट्रिक का अपने पास रखा। 16 जुलाई 2022 की दोपहर को प्रमाणपत्र वापस देने को मोहनपुर मोड़ बुलाया। यहां पहुंचने पर सुनिराम छात्रा को अपनी बाइक से बाबूपुर होते हुए रामपहाड़ व तेलोंपाडा गांव के बीच सुनसान जगह ले गया। जबकि उसने अपने घर ले जाने की बात कही थी। इस स्थान पर छात्रा के साथ मारपीट किया। जान से मारने की धमकी देते हुए दुष्कर्म किया। उसने अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाया।

इसके बाद आरोपित ने उसके मोबाइल का सिम भी निकाल लिया। धमकी दी कि ज्यादा चालाकी किया तो इंटरनेट मीडिया पर वीडियो डाल देगा। इसके बाद बाइक लेकर भाग गया। फिर उसने 12 व 14 अक्टूबर 2022 को अपने इंटरनेट मीडिया पर छात्रा की अश्लील तस्वीरें अपलोड कर दी। इसके बाद विवश होकर उसे पुलिस के समक्ष शिकायत करनी पड़ी। इस संबंध में थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।

Edited By: Gautam Ojha