समय से दो घंटे पहले ही बंद हो गया विद्यालय
प्रखंड का प्राथमिक विद्यालय तुरसाडीह गुरुवार को विद्यालय बंद होने के निर्धारित समय से पूर्व बंद हो गया।
संसू, हिरणपुर (पाकुड़) : प्रखंड का प्राथमिक विद्यालय तुरसाडीह गुरुवार को विद्यालय बंद होने के निर्धारित समय से दो घंटा पहले ही बंद हो गया। यहां के बच्चों को पढ़ाई पूरी किये बिना ही घर लौटना पड़ा।
विद्यालय के प्रधान शिक्षक सुरेन्द्र लोहरा ने बताया कि वाट्सएप पर बीआरसी से आदेश मिला है कि जिन विद्यालयों में अनुदेशक शिक्षक चयन नहीं हुआ है, वैसे विद्यालय से जुड़े शिक्षक कागजात को लेने के लिए 12 बजे बीआरसी पहुंचे। इसलिए उपस्थित 42 बच्चों को भोजन
खिलाकर बीआरसी गए। विदित हो कि सरकारी नियमानुसार विद्यालय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित किया जाना है। इस विद्यालय में एक ही शिक्षक कार्यरत है। बीईईओ राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि शिक्षक के द्वारा उनसे पूछा गया था तो उन्होंने उनसे बच्चों को भोजन खिलाकर आने के लिए कहा था। परंतु, समय की बात नहीं की गई थी।