सड़क बदहाल, किस पर करें विश्वास बाबू
पाकुड़ सदर प्रखंड का पोचाथोल गांव। यह प्रखंड मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित। गांव
पाकुड़: सदर प्रखंड का पोचाथोल गांव। यह प्रखंड मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित। गांव की कुल आबादी 1500 है। यहां अधिकतर मजदूर व किसान तबके लोग रहते हैं। मंगलवार को चुनावी मौसम में लोगों का मिजाज टटोलने के लिए गांव पहुंचा। गांव में हमारी मुलाकात बालक मड़ैया से होती है। वह कहते बाबू पिछले एक वर्ष से गांव का ट्रांसफॉर्मर जल गया है। इस कारण गांव में अंधेरा छाया हुआ है। लोग लालटेन युग में जीने को विवश हैं। गांव के विकास के प्रति सकारात्मक सोच रखने वाले प्रत्याशी को अपना वोट देंगे। कुछ देर में ग्रामीण एक जगह जमा हो जाते हैं। यहां पर चुनावी चर्चा जोर पकड़ने लगती है। यहां चुनाव को लेकर लोगों में काफी जागरूकता देखी गई। साहो मड़ैया ने बताया कि गांव में पेयजल व स्वास्थ्य की स्थिति भी काफी खराब है। इलाज की समुचित व्यवस्था नहीं रहने से पाकुड़ जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि गांव के विकास करने वाले ईमानदार प्रत्याशी को अपना वोट देने का काम करेंगे। मंडल मुर्मू ने बताया कि गांव की सड़क बदहाल है। पथरीली सड़क पर चलने में लोगों को काफी परेशानी होती है। गांव से प्रखंड मुख्यालय की दूर करीब 10 किलोमीटर है। खराब सड़क रहने के कारण यहां के लोगों को पाकुड़ जाने में काफी वक्त लग जाता है। नारायण मुर्मू ने बताया कि गांव में पेयजल की समस्या भी काफी गंभीर है। चतुर मुर्मू ने बताया कि पांच सालों में भी गांव की तस्वीर नहीं बदली है। गांव में समस्याओं का अंबार है। समस्याओं के समाधान करने वाले प्रत्याशी को अपना वोट देकर जीताने का काम करेंगे।