बारिश की फुहारों ने दी गर्मी से राहत
जागरण संवाददाता पाकुड़ मंगलवार को पाकुड़ के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। इसस
जागरण संवाददाता, पाकुड़ : मंगलवार को पाकुड़ के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। इससे मौसम सुहाना हो गया। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई। इस बारिश से धान की फसल को काफी लाभ होगा। किसानों के चेहरे पर खुशी देखी जा रही है। दिनभर हुई बारिश के कारण सड़कों पर वीरानी छाई रही। हाट-बाजारों में सन्नाटा छाया रहा।
बताते चलें कि मंगलवार की सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में बादल छा गए। हालांकि आसमान में बादल छाने के बाद भी लोगों को उमस भरी गर्मी से सामना करना पड़ा। दोपहर करीब 12 बजे तक काफी गर्मी थी। दोपहर से बूंदाबांदी शुरू हुई। दोपहर बाद करीब चार बजे से जमकर बारिश हुई। देर शाम तक बारिश हो रही थी।
पाकुड़िया में भी हुई बारिश : प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार की सुबह से हो रही बूंदाबांदी से जनजीवन प्रभावित हो गया। दिनभर आसमान बादलों से पूरी तरह ढंका रहा। तेज गर्जना भी हुई। बरसात के कारण दैनिक मजदूरों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। साप्ताहिक हाट पर भी असर पड़ा।