पाकुड़ में जगमग होंगी सड़कें, जिले भर में लगेंगी 150 सोलर हाई मास्ट लाइटें
पाकुड़ जिले में सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को रोशन करने के लिए सोलर हाई मास्ट लाइटें लगाई जा रही हैं। ...और पढ़ें
-1778926789422_m.webp)
सोलर हाई मास्क लाइट से रोशन होगा पाकुड़

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, पाकुड़। अब जिले की सड़कें और सार्वजनिक स्थल रात में भी रोशनी से जगमगाएंगे। जिला प्रशासन ने जिलेभर में सोलर हाई मास्ट लाइट लगाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है।
उपायुक्त की अनुशंसा पर झारखंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (जेरेडा) द्वारा विभिन्न स्थानों पर सोलर हाई मास्ट लाइट लगाने का कार्य तेज कर दिया गया है। बड़ी बात यह है कि बिजली गुल रहने पर भी सड़कें चकाचक रोशन रहेगी। कारण यह लाइट सोलर सिस्टम पर आधारित है।
प्रथम चरण में पाकुड़ शहर एवं लिट्टीपाड़ा प्रखंड में कुल 40 सोलर हाई मास्ट लाइट लगाने की प्रक्रिया चल रही है। इसमें पाकुड़ शहर में 16 तथा लिट्टीपाड़ा में 24 लाइट लगाई जाएंगी। इसके लिए कई स्थानों पर पोल लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। जिला प्रशासन की योजना पूरे वर्ष के भीतर जिलेभर में 150 सोलर हाई मास्ट लाइट स्थापित करने की है।
प्रमुख स्थानों पर लगेंगी लाइट
पाकुड़ शहर के आरजे स्टेडियम, मदर टेरेसा चौक, अटल चौक, सिद्धो-कान्हू मुर्मू पार्क, बैंक कॉलोनी स्टेडियम एवं कोयला मोड़ समेत कई प्रमुख स्थानों को चिह्नित किया गया है। वहीं लिट्टीपाड़ा चौक एवं चितलो फार्म सहित अन्य जगहों पर भी लाइट लगाई जाएगी। लाइट लगने से राहगीरों को अंधेरे से मुक्ति मिलेगी।
अपराध नियंत्रण में भी मिलेगी मदद
शहर में बढ़ रही चोरी व छिनतई की घटनाओं पर भी इससे अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधी वारदात को अंजाम देते हैं। कई सार्वजनिक स्थलों पर शराबियों व जुआरियों का जमावड़ा भी लगा रहता है। हाई मास्ट लाइट लगने के बाद ऐसे स्थानों पर निगरानी आसान होगी और आपराधिक गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
