Pakur News: जलापूर्ति योजना के तहत 15 दिनों में शहरवासियों को मिलेगा गंगाजल, खराब बोरिंग की होगी मरम्मत
पाकुड़ नगर परिषद की बैठक में भीषण गर्मी के मद्देनजर पेयजल संकट दूर करने पर चर्चा हुई। निर्णय लिया गया ...और पढ़ें

जलापूर्ति योजना के तहत 15 दिनों में शहरवासियों को मिलेगा गंगाजल, खराब बोरिंग की होगी मरम्मत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, पाकुड़। नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को बोर्ड की बैठक नगर अध्यक्ष शबरी पाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी व उपाध्यक्ष राणा ओझा सहित पार्षद मौजूद थे। बैठक में भीषण गर्मी को देखते हुए शहर में पेयजल संकट दूर करने पर चर्चा की गई।
निर्णय लिया गया कि सभी वार्डों में खराब बोरिंग की मरम्मत कराई जाएगी तथा आवश्यकतानुसार नए बोरिंग लगाए जाएंगे। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में पाइपलाइन का विस्तार भी किया जाएगा।
अध्यक्ष ने बताया कि वार्ड संख्या तीन, चार, 18, 19 व 20 में वृहद जलापूर्ति योजना का कार्य पूरा हो चुका है और 10-15 दिनों के भीतर इन क्षेत्रों में पाइपलाइन के माध्यम से गंगाजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि बोर्ड से पारित प्रस्तावों की स्वीकृति के बाद योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। पीएचईडी विभाग के माध्यम से तीन से साढ़े तीन लाख रुपये की लागत से बोरिंग कराने का निर्णय लिया गया है, जो उपलब्ध फंड के आधार पर कराया जाएगा।
साथ ही पाइपलाइन का विस्तारीकरण किया जाएगा। बेवजह कार्य से छुट्टी रहने वाले सफाई कर्मियों को कार्यपालक पदाधिकारी ने फटकार लगाते हुए समय पर कार्य में आने का निर्देश दिया है। साथ ही तीन टाइम का फोटो व्हॉट्सएप ग्रुप में डालने का निर्देश दिया है।
उपाध्यक्ष ने कहा कि शहर की प्रमुख समस्या नाली व पेयजल है, जिसके समाधान के लिए ठोस पहल की जा रही है। पुठिमारी स्थित जलापूर्ति योजना का निरीक्षण कर जल्द कार्य शुरू कराने की बात कही गई।
इसके अलावे हाटपाड़ा हटिया में तोरण द्वार का निर्माण, आंबेडकर चौक पर घंटा टावर का निर्माण कर सुंदरीकरण की सहमति दी गई मौके पर पार्षद किरण लाल कापरी, असलम अंसारी, चंचल सिंह, बिमल राउत सहित अन्य मौजूद थे।
स्थायी समिति का चुनाव संपन्न
नगर परिषद बोर्ड की बैठक में मंगलवार को स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) का चुनाव संपन्न हुआ। इसमें विभिन्न वार्डों से पार्षदों को समिति का सदस्य चुना गया। चुनाव में वार्ड संख्या 19 की पार्षद तनु दास, वार्ड संख्या 11 की निभा देवी, वार्ड संख्या आठ के अनिकेत गोस्वामी, वार्ड संख्या 16 के रियाज अंसारी तथा वार्ड संख्या 14 के मुस्ताक अंसारी (राजा) को स्थायी समिति का सदस्य निर्वाचित किया गया।
