पाकुड़िया (पाकुड़), संवाद सूत्र: ब्राह्मणी नदी स्थित बेनाकुड़ा घाट में अवैध तरीके से बालू उठाव व रंगदारी वसूलने की सूचना पर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने गुरुवार की देर रात हमला कर दिया। पुलिस वाहन को देखते ही बदमाशों ने पथराव शुरू कर दिया। इससे गश्ती वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
इस घटना में चालक नीरज कुमार सहित जवान वीरेंद्र मांझी, बुधन देहरी घायल हो गए। वीरेंद्र की छाती में चोट आई है, जबकि बुधन के सिर में चोट लगी है। मामले में थाना प्रभारी अभिषेक राय ने प्राथमिकी दर्ज कराई और बताया कि ब्राह्मणी नदी से अवैध तरीके से बालू उठाव एवं स्थानीय कुछ बदमाशों द्वारा रंगदारी वसूलने की शिकायत मिली थी। इसकी पुष्टि के लिए पुलिस टीम रात्रि करीब नौ बजे बेनाकुड़ा गांव पहुंची थी।
आरोपियों की पहचान करने में जुटी पुलिस
इसी बीच बालू माफियाओं समूह बनाकर पत्थर चलाने लगा। इससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। बदमाशों ने जबरन बालू लदे ट्रैक्टरों को भगा ले गया। थाना प्रभारी ने बताया कि रात के अंधेरे में बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। इस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर प्राथमिकी कराई गई है। सभी को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- कर्मचारी ने ट्रांसफर के लिए दिया पूर्व सीएम का फर्जी अनुशंसा पत्र, जांच में खुलासा हुआ तो मिला निलंबन