अखबार में तस्वीर देख हैरान रह गए मम्मी-पापा, झारखंड की कस्तूरी ने गुपचुप जीता 'मिस नॉर्थ इंडिया 2026' का ताज
पाकुड़ की कस्तूरी कनक ने देहरादून में 'मिस नॉर्थ इंडिया 2026' का खिताब जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। ...और पढ़ें

झारखंड की कस्तूरी ने जीता 'मिस नॉर्थ इंडिया 2026' का ताज
HighLights
कस्तूरी कनक ने देहरादून में 'मिस नॉर्थ इंडिया 2026' का खिताब जीता।
पिता की सीख और भाई के सहयोग से पाई यह बड़ी उपलब्धि।
पाकुड़ की बेटी ने अपनी प्रतिभा से जिले का नाम रोशन किया।
रोहित कुमार, पाकुड़। पाकुड़ की मिट्टी में पली-बढ़ी कस्तूरी कनक ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर जिले का नाम रोशन किया है। महेशपुर प्रखंड के बालियापतरा गांव की 22 वर्षीय कस्तूरी ने छह सितंबर को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में 'मिस नॉर्थ इंडिया 2026' का खिताब अपने नाम किया।
उन्हें 'मिस नॉर्थ इंडिया 2026-ब्रांड एंबेसडर' के रूप में भी सम्मानित किया गया। कस्तूरी की इस उपलब्धि से परिवार के साथ पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
पिता की सीख को बनाया सफलता का मंत्र:
कस्तूरी की सफलता की कहानी दिलचस्प होने के साथ प्रेरणादायक भी है। कस्तुरी ने बताया कि अपने सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने देहरादून जाने की जानकारी माता-पिता तक को नहीं दी।
उसके अनुसार, उनके पिता गंगा राम ठाकुर अक्सर कहते थे कि जो करना है, उसे पूरा होने तक किसी को नहीं बताना चाहिए। पिता की इसी सीख को उन्होंने अपने जीवन में उतार लिया।
एक तरफ परीक्षा, दूसरी ओर उड़ान:
छह सितंबर को कस्तूरी का आनलाइन एग्जाम भी था और उसी दिन देहरादून में प्रतियोगिता का कार्यक्रम भी। परीक्षा दोपहर एक बजे तक होनी थी, जबकि कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होना था। ऐसे में उन्होंने भाई हिमप्रीत हनी के साथ देहरादून जाने का फैसला किया। दोनों ट्रेन से देहरादून पहुंचे और कस्तूरी ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
भाई बना सबसे बड़ा सहारा:
इस सफर में भाई हिमप्रीत हनी ने कस्तूरी का पूरा साथ दिया। वह भी कस्तूरी के साथ बनारस में ही पढ़ाई करता है। देहरादून पहुंचने से लेकर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और खिताब जीतने तक भाई उनके साथ रहे। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद कस्तूरी ने 'मिस नॉर्थ इंडिया 2026' का खिताब अपने नाम किया। इसके बाद दोनों वापस घर लौट आए।
अखबार देखकर माता-पिता को चला पता:
सबसे भावुक क्षण तब आया, जब प्रतियोगिता के बाद कस्तूरी की उपलब्धि की खबर प्रकाशित हुई। परिवार के लोगों ने अखबार में कस्तूरी का नाम और तस्वीर देखी। इसके बाद माता-पिता को पहली बार पता चला कि उनकी बेटी देहरादून गई थी और वहां उसने मिस नॉर्थ इंडिया का खिताब जीता है। बेटी की सफलता की खबर ने माता-पिता को आश्चर्यचकित करने के साथ गर्व से भर दिया।
शिक्षा में भी हासिल किया मुकाम:
कस्तूरी ने शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने वर्ष 2024 में वसंत कॉलेज फार वुमेन, बीएचयू के अंग्रेजी विभाग से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वर्ष 2026 में आर्य महिला पीजी कॉलेज, बीएचयू से अंग्रेजी में मास्टर डिग्री हासिल की। पढ़ाई के साथ ही उनकी माडलिंग और फैशन में भी विशेष रुचि रही है।
गांव की बेटी की सफलता से जिले में खुशी:
कस्तूरी के पिता गंगा राम ठाकुर सेवा निवृत्त कार्यपालक पदाधिकारी और माता हेमा प्रसाद हैं। बेटी की उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। कस्तूरी अपनी सफलता में परिवार के सहयोग को महत्वपूर्ण मानती हैं। खासकर भाई हिमप्रीत हनी के सहयोग के लिए उन्होंने आभार जताया।
बलियापतरा जैसे ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर कस्तूरी ने देहरादून में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी उपलब्धि पाकुड़ ही नहीं, पूरे झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
