पाकुड़ में दुधमुंहे बच्चे की मौत के बाद बवाल, हिरासत में लिए गए माता-पिता और दादी
पाकुड़ के संग्रामपुर में दो वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई।
-1786467747801_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
पाकुड़ के संग्रामपुर में दो वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत।
पुलिस ने माता-पिता और दादी को हिरासत में लिया, पूछताछ जारी।
ग्रामीणों ने गला दबाकर हत्या की आशंका जताई, जांच शुरू।
जागरण संवाददाता, पाकुड़। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संग्रामपुर दक्षिण टोला में मंगलवार की देर रात करीब साढ़े नौ बजे दो वर्षीय बच्चे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर गांव पहुंची पुलिस ने बच्चे के माता-पिता और दादी को हिरासत में ले लिया।
एसडीपीओ कुमार गौरव देर रात तक बच्चे के माता-पिता और दादी से लंबी पूछताछ की। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सारजेन शेख रोजगार की तलाश में एक वर्ष पूर्व दूसरे प्रदेश गया था।
वहां सारजेन की मुलाकात एक युवती से हुई। दोनों में प्रेम हो गया। बाद में दोनों ने शादी कर ली। सारजेन अपनी दूसरी पत्नी को लेकर गांव आ गया। कुछ दिन तक सबकुछ ठीक रहा।
इसी बीच पहली पत्नी से सारजेन का विवाद हो गया। मंगलवार की देर शाम सारजेन के घर में हो-हल्ला होने लगा। हल्ला सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
मृत मिला बच्चा
ग्रामीणों ने देखा कि एक दुधमुंहा बच्चा मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। ग्रामीणों को शक हुआ। ग्रामीण बच्चे की गला दबाकर हत्या की आशंका जता रहे हैं।
घटना के बाद दंपती एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए देखा गया। इसकी सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई। पुलिस गांव पहुंच दंपती और बच्चे के दादी को हिरासत में ले लिया है। एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ चल रही है। गभीरता पूर्वक जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
