अध्यक्ष -संयोजिका विवाद में पांच दिनों से एमडीएम बंद
हिरणपुर(पाकुड़) प्रखंड के धोवाडांगा मध्य विद्यालय में प्रबंध समिति अध्यक्ष व संयोजिका के बीच ि
हिरणपुर(पाकुड़): प्रखंड के धोवाडांगा मध्य विद्यालय में प्रबंध समिति अध्यक्ष व संयोजिका के बीच विवाद के कारण पिछले पांच दिनों से एमडीएम बंद है। इस विषय पर सोमवार को विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक हुई। इसमें संयोजिका मालती देवी को हटाने का निर्णय लिया गया। एमडीएम की राशि निकासी को लेकर अध्यक्ष प्रेम कुमार साहा व संयोजिका के बीच विवाद हुआ है। इसी विवाद के कारण एक मई से विद्यालय में एमडीएम बंद है। जबकि विद्यालय में राशि व चावल दोनों उपलब्ध है। अध्यक्ष ने बताया कि इस विद्यालय में 405 बच्चे नामांकित हैं। एमडीएम को लेकर 15-15 दिनों के अंतराल में 16000 रुपये की निकासी बैंक से की जाती है। पूरी राशि को संयोजिका को दिया जाता है, परंतु संयोजिका खर्च का कोई हिसाब नहीं देती है। हिसाब मांगने पर गुस्सा करती है। अध्यक्ष ने बताया कि संयोजिका द्वारा एमडीएम में काफी अनियमितता बरती जा रही है। उधर संयोजिका से इस विषय पर पर सम्पर्क नहीं हो पाया। वह विद्यालय में उपस्थित भी नहीं थी। समिति के सदस्य कृष्णा साहा, विष्णु साहा, मेघनाथ साहा, अंजनी देवी, रजिया बीबी, देवेश साहा, आशावती देवी, शांति देवी , मिनोती देवी ने बताया कि संयोजिका द्वारा मनमानी की जा रही है। इसलिए संयोजिका को हटा कर नए चयन किया जाएगा। विद्यालय के प्रधानाध्यापक भीम चन्द्र साहा ने बताया कि दोनों के बीच हुई विवाद में अध्यक्ष ने बैंक की चेक में हस्ताक्षर करने से साफ इंकार कर दिया। इस कारण एमडीएम राशि की निकासी नहीं हो पाई। इसकी सूचना बीआरसी हिरणपुर को 30 अप्रैल को ही दे दी गई है।
इस संबंध में बीईईओ दीनबन्धु मोदी ने बताया कि इसकी जानकारी मिली है। एमडीएम बंद रखना गैर कानूनी है। प्रबंधन समिति बैठक में प्रस्ताव पारित कर संयोजिका बदल सकता है। इससे कि एमडीएम सुचारू रूप से चल सके।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप