मौसी बाड़ी से लौटे भगवान जगन्नाथ
पाकुड़/महेशपुर भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के नौवें दिन शुक्रवार को पाकुड़ सहित महेशपु
पाकुड़/महेशपुर: भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के नौवें दिन शुक्रवार को पाकुड़ सहित महेशपुर में भगवान जगन्नाथ की उल्टा रथ निकाली गई। उल्टा रथ को लेकर शुक्रवार को सुबह से ही शहर में चहल पहल रही। रथ यात्रा देखने व इसमें शामिल होने के लिए सुबह से ही दूर दराज के लोगों का पाकुड़ पहुंचना शुरू हो गया था। जिला मुख्यालय में रथयात्रा की शुरूआत राजापाड़ा स्थित नित्यकाली मंदिर परिसर से हुई। यहां भगवान जगन्नाथ की रथ को खींचने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। अपने मौसी के घर गए भगवान जगन्नाथ नौवें दिन उलटे रथ पर सवार होकर अपने घर वापस लौटे। भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालु काफी उत्साहित थे। रथ पर सवार पंडितों ने रथ यात्रा के दौरान उमड़ी भीड़ पर प्रसाद फेंका जिसे श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया।
कहा जाता है कि मदनमोहन काफी कृपालु है लेकिन मौसी से मिलकर लौटने के बाद और अधिक कृपालु हो जाते हैं। वहीं महेशपुर में भी उलटा रथ निकाला गया। अंचलाधिकारी रितेश कुमार जायसवाल ने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर रथ खींच। यहां रथ यात्रा की अगुवाई मायापुर इस्कॉन मंदिर की ओर से किया गया।
सुरक्षा का किया गया था पुख्ता इंतजाम
रथ यात्रा को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए थे। सभी जगहों पर शांतिपूर्ण यात्रा के आयोजन के लिए पुलिस के साथ दंडाधिकारी की तैनाती की गई थी। यात्रा के समय मुख्य सड़क का आवागमन कुछ देर के लिए डायवर्ट कर दिया गया था। सुरक्षा के लिहाज से संध्या 5 बजे से 7 बजे तक बिजली की भी कटौती की गई थी।